जिले में बढ़ते कोरोना के केसों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अब आठ और पीएचसी में सैंपलिंग शुरू करने के आदेश दे दिए हैं। अब जिले में 18 सेंटरों और 14 मोबाइल वैन के द्वारा सैंपलिंग की जाएगी। वहीं विभाग ने आईएमए की दो टीमें गठित की है, जिसमें एक फोन पर जानकारी देगी तो दूसरी मरीज को देखकर इलाज करेगी। जिले में शनिवार को शाम को आई रिपोर्ट में 66 नए संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन ने आते ही कोविड टीम के सदस्यों की बैठकें लेनी शुरू कर दी और उनकी राय भी ली गई कि किस प्रकार जिले में संक्रमण को कम कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को आईएमए चिकित्सकों की दो टीमें बनाई है, जो मरीजों का इलाज करेगी और उन्हें स्वस्थ करने में मदद करेगी। आईएमए की एक टीम वह है जो फोन, वीडियो कॉल के माध्यम से मरीजों की जांच करेगी और उनके इलाज संबंधित निर्देश देगी। दूसरी टीम जो मरीजों को अस्पताल में जाकर जांचेगी और उनका इलाज करेगी। स्वास्थ्य विभाग ने अब सैंपलिंग करने वाली टीमों की भी संख्या बढ़ा दी है। अब तक जिले में करीब दस पीएचसी केंद्रों में कोरोना की सैंपलिंग की जाती है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अब आठ और पीएचसी केंद्रों में सैंपलिंग करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से 18 पीएचसी केंद्रों में सैंपलिंग शुरू कर दी जाएगी। वहीं जिले में 13 से 14 मोबाइल वैन है जो लोगों की सैंपलिंग करने में जुटी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जितने ज्यादा लोगों की जांच होगी वैसे ही जिले में पता लगेगा कि कितने लोग संक्रमित हैं और उनका समय पर इलाज किया जा सके।
संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता देख पंचायत से सहयोग मांग रहा विभाग
स्वास्थ्य विभाग की संक्रमितों को आइसोलेट करने को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं डबवाली में संक्रमितों की संख्या बढ़ने और क्वारंटीन सेंटर में जगह न होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने डबवाली के गांवों के सरपंचों से सहयोग मांगा है कि अगर उनके गांव में ऐसी कोई व्यवस्था है। जहां कुछ लोगों को आइसोलेट किया जा सके और वहां निजी बाथरूम और अन्य सभी सुविधाएं हो। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अगर कोई पंचायत मरीजों के आइसोलेशन में सहायता करती है तो उसका स्वागत किया जाएगा। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं भी कम होगी। वहीं शहर में विभाग आइसोलेशन को लेकर निजी धर्मशाला को आइसोलेशन सेंटर बनाने पर विचार कर रहा है। विभाग के अनुसार अगर सभी आइसोलेशन केंद्रों में जगह पूरी हो जाती है तो विभाग द्वारा कोई प्रबंध किया जाएगा।
जिले में 66 नए संक्रमित मरीज मिले
शनिवार को आई रिपोर्ट में 66 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें सी ब्लॉक से दो, ईरा कॉलोनी से एक, चार भीम कॉलोनी, तीन हुडा सेक्टर, तीन घंटाघर चौक, दो अग्रसेन कॉलोनी, एक कोर्ट कॉलोनी, दो एफ ब्लॉक, दो रोड़ी बाजार, एक कीर्तिनगर, एक आस्था अस्पताल, एक नई अनाज मंडी, एक फ्रेंड्स कॉलोनी, एक सब्जी मंडी, दो गांधी कॉलोनी, एक भादरा बाजार, एक गुंबर कॉलोनी, एक एमआईटीसी कॉलोनी, एक बाटा कॉलोनी, एक ऑटो मार्केट, डबवाली से 19, ऐलनाबाद से 6, कालांवाली से दो, नाथूसरी चोपटा 2, माधोसिंघाना 1 व रानियां से 4 शामिल हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 3503 हो गई है।
कोट
जिले में शनिवार को आई रिपोर्ट में 66 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं सैंपलिंग केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। मरीजों के आइसोलेशन को लेकर पंचायतों से भी बात की जा रही है। मरीजों के बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग जो सुविधाएं होगी वह उन तक पहुंचाएगा। हमारा मकसद जिले में संक्रमितों की संख्या के साथ मौत की संख्या भी कम करना है।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सिविल सर्जन, सिरसा।