टीबी विभाग की टीम ने नुहियांवाली स्थिति उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को स्वास्थ्य केन्द्र पर ताला लटका मिला। टीम ने इसकी सूचना एसएमओ को दी। अधिकारी के मुताबिक दोनों कर्मचारियों की गैरहाजरी लगाकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
पंचकूला से टीबी विभाग की एक टीम शनिवार को सिरसा पहुंची। टीम सुबह 10 बजे नुहियांवाली उपस्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंची। उस समय वहां कोई कर्मचारी नहीं था। उपस्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका हुआ था। टीम ने इसकी सूचना एसएमओ ओढ़ां डॉ. भूषण गर्ग को दी। सूत्रों के अनुसार उक्त स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही की सूचना विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
टीबी मरीजों की जानकारी लेने पहुंची थी टीम
बताया जा रहा है कि टीम ने गांव में टीबी के मरीजों को उचित निर्देश व जागरूकता प्रदान करने के साथ-साथ उनसे ये भी जानकारी लेनी थी कि उन्हें दवा समय पर मुहैया हो रही है या नहीं। बताया ये भी जा रहा है कि स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एएनएम को टीम के बारे में पूर्व सूचना दी गई थी। इसके बावजूद भी कर्मचारियों का नदारद मिलना बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। टीम स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 15 मिनट तक कर्मचारियों का इंतजार करती रही।
दो महिला कर्मचारियों की थी ड्यूटी
उपस्वास्थ्य केन्द्र पर दो महिला कर्मचारियों की ड्यूटी है। विभागीय नियमों के अनुसार कर्मचारी का यहां 24 घंटे ठहरने का प्रावधान है। लेकिन यहां पर रात को तो दूर दिन के समय भी कर्मचारी नहीं रहते हैं।
पंचकूला की टीम ने नुहियांवाली उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया था। वहां कोई कर्मचारी नहीं मिला। ये बड़ी लापरवाही है। इस बारे में दोनों कर्मचारियों की गैरहाजरी लगाकर उनसे जवाब तलबी की जाएगी। सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
- भूषण गर्ग, एसएमओ, ओढ़ां।