किसानों को संबोधित करते पंजाबी कलाकार हरेंद्र संधु।
- फोटो : Sirsa
केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में सिरसा में शुरू किया गया किसान आंदोलन जोर पकड़ने लगा है। वहीं पंजाब से भी जिले के किसानों को पूरा समर्थन मिल रहा है। मंगलवार को किसानों के पक्का मोर्चा स्थल पर पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार हरेंद्र संधु धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों को अपना समर्थन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विकास सीसर व बलराज बणी ने की। हरेंद्र संधु ने कहा कि मैं पहले एक किसान हूं और बाद में कलाकार हूं। अगर किसान मर गया तो सब कुछ खत्म हो जाएगा। पूरा पंजाब किसानों के समर्थन में हरियाणा के साथ खड़ा है। किसानों के हक की लड़ाई को हरियाणा-पंजाब के किसान मिलकर लड़ेंगे। भाजपा सरकार ने पूंजीपति घरानों को लाभ देने के लिए एक तरफा किसान विरोध बिला जबरन पारित कर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है, जिसका जवाब देश का किसान आगामी समय में सरकार बखूबी देगा। भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विकास सीसर व हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि सिरसा आंदोलन का असर पूरे हरियाणा में हो रहा है। जुलाना के पूर्व विधायक परमिंद्र ढुल ने किसानों के समर्थन में बीजेपी को छोड़ दी है। उधर बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग ने किसानों के समर्थन में चेयरमैनी छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन तीनों कानूनों के विरोध में कई विधायक भी इस्तीफा देकर किसानों के बीच में आएंगे।
धरने पर बैठे किसानों को दिए सब्जियों के बीज
जट्ट भाईचारा वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रधान संत प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में स्टेडियम में चल रहे किसान धरने को समर्थन दिया। जट्ट भाईचारा वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग एक निजी होटल में हुई। जिसमें एसोसिएशन पदाधिकारियों ने अपने अपने विचार रखें। एसोसिएशन के संरक्षक हरदीप सिंह सरकारिया ने भी विचार व्यक्त किए। इसी के साथ निर्णय लिया गया कि किसानों को घर में सब्जियों उगाने और दुधारू पशु पालने के लिए प्रेरित किया जाए। इस पर सहमति भी जताई गई। एसोसिएशन सचिव लखविंदर सिंह ने बताया कि इस मुहिम के तहत सब्जी की 500 किट तैयार करके धरने पर बैठे किसानों को फ्री दी गई। इस किट में 5 तरह की सब्जियां मूली, गाजर, धनिया, पालक, मेथी के बीज थे। सब्जियों के पैकेट के ऊपर स्लोगन भी यह था घर की सब्जी, घर का दूध। इस कार्य के लिए धरना प्रबंधक कमेटी ने जट्ट भाईचारे का आभार भी जताया।