जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने लगी है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में 45 लोग संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन का सीरो सर्वे पूरा कर 770 लोगों की जांच कर उनकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। वहीं रानियां क्षेत्र में मिले संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों ने जांच न करवाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग को एक लिखित पत्र सौंपा है। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है, जिससे लोगों की जांच की जा सके।
बता दें कि मंगलवार को आई रिपोर्ट में जिले से 45 नए संक्रमित मिले हैं। जिनमें एक चत्तरगढ़ पट्टी, दो अग्रसेन कॉलोनी, दो गोविंद नगर, एक कीर्ति नगर, दो लोहिया कॉलोनी, एक प्रीत नगर, एक कोर्ट कॉलोनी, एक ई ब्लॉक, तीन अग्रवाल कॉलोनी, एक अनमोल पैलेस, एक मनोज केक हाउस, तीन नोहरिया बाजार, दो हुडा सेक्टर, दो खन्ना कॉलोनी, एक पुरानी सब्जी मंडी, एक रोडी बाजार, एक एमआईटीसी कॉलोनी और एक न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी समेत शहर से 27 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं डबवाली से तीन, ऐलनाबाद से तीन, कालांवाली से दो, ओढ़ां से दो, माधोसिंघाना से एक, रानियां से दो, चौटाला से तीन और बड़ागुढ़ा से दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा अब 4740 हो गया है।
सीरो सर्वे हुआ पूरा, मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन का सीरो सर्वे पूरा कर दिया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के 16 स्थानों से 770 सैंपल लिए हैं। जिसकी रिपोर्ट तैयार कर जिला स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय को भेज दी है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने शहर की चार कॉलोनी और जिले के 12 गांवों से लोगों के सैंपल लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिन लोगों के सैंपल लिए हैं, उनकी रिपोर्ट वह उनको नहीं बताएगा। बल्कि स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय से ही एक रिपोर्ट जारी करेगा, जिसमें जिले का आंकड़ा बताया जाएगा कि कितने लोग कोरोना संक्रमण से होकर गुजर चुके हैं।
लोगों ने सैंपलिंग से किया इंकार
कोरोना पर काबू पाने के लिए जहां स्वास्थ्य विभाग दिन रात लगा हुआ है। वहीं जनता का सहयोग न मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी दुविधा में है। रानियां के वार्ड नंबर 4 व 9 में एक बैंक कर्मचारी व एक अन्य व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए जाने पर वार्डों के संक्रमित के संपर्क में आने वालों को कोरोना जांच करवानी होगी। लेकिन दोनों ही वार्डों के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को लिखित रूप में दिया है कि वे कोरोना टेस्ट नहीं करवाना चाहते। जिस पर स्वास्थ्य विभाग लोगों की सैंपलिंग करने की कोशिश में जुट गया है।
कोरोना संक्रमित लोग जांच करवाने से इंकार कर रहे हैं। जिसके लिए वे लोगों को जागरूक करके सैंपल लेकर जांच करवाने के प्रयास कर रहे हैं ताकि किसी तरह संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके।
- डॉ. नरेश सहारण, एसएमओ, सीएससी रानियां।
जिले में सीरो सर्वे पूरा हो चुका है। जिसके तहत 770 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय को भेजी है। मंगलवार को 45 लोग संक्रमित पाए गए हैं। रानियां में सैंपल से इंकार करने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।
-डॉ. विरेष भूषण, डिप्टी सिविल सर्जन स्वास्थ्य विभाग सिरसा।