हरियाणा के सिरसा में व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने मंगलवार को आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। उन्होंने कहा कि सरकार को धान पर किसानों को 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देना चाहिए।
विज्ञापन
गर्ग ने कहा कि सरकार की ओर से धान की समय पर खरीद न करने से किसान परेशान हैं। किसान को अपनी धान रखने के लिए न ही मंडियों में, न ही घर में जगह है। किसान मजबूरी में अपना धान एमएसपी से 200 रुपये से लेकर 350 रुपये प्रति क्विंटल तक कम दाम में बेच रहे हैं।
बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की अनाज मंडियां पूरी तरह धान से अटी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रिश्वत के चक्कर में अधिकारी जानबूझकर धान खरीद में देरी कर रहे हैं। सरकारी ठेकेदार धान की उठान के नाम पर आढ़तियों से प्रति बोरी पैसे मांग रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सरकार को सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए कि 72 घंटे के अंदर किसान की धान की खरीद, उठान व भुगतान होना चाहिए। जो भी अधिकारी लापरवाही बरते उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। गर्ग ने किसानों से धान को सुखाकर मंडी में लाने की अपील की।