सिरसा। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा की भाजपा सरकार से दो वर्ष के कार्यकाल का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और गरीब परिवारों से किए गए चुनावी वादों की प्रगति का ब्योरा मांगते हुए प्रत्येक घोषणा की स्थिति, खर्च, लाभार्थियों की संख्या और उसे पूरा करने की समयसीमा बताने को कहा है।
सैलजा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये देने और प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक मुफ्त उपचार उपलब्ध करवाने का वादा किया था। सरकार बताए कि कितनी महिलाएं इन योजनाओं का लाभ ले रही हैं और कितने परिवारों को मुफ्त उपचार मिला है।
उन्होंने दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां, पांच लाख अन्य रोजगार के अवसर, अप्रेंटिसशिप स्टाइपेंड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व कौशल शिक्षा केंद्रों की प्रगति का विवरण भी मांगा। किसानों के लिए 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद, पांच लाख आवास, 10 आधुनिक औद्योगिक शहरों और बीपीएल व अंत्योदय परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की योजनाओं पर भी जवाब मांगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण पर उठाए सवाल:
सैलजा ने मुफ्त डायलिसिस, प्रत्येक जिले में ओलंपिक खेल नर्सरी, अग्निवीरों को सरकारी नौकरी, 36 बिरादरी कल्याण बोर्ड, सामाजिक पेंशन में वृद्धि तथा एससी-ओबीसी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति देने की घोषणाओं की स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने ओबीसी उद्यमियों को 25 लाख रुपये तक ऋण गारंटी और ग्रामीण छात्राओं को स्कूटर वितरण का ब्योरा भी मांगा।
रेल परियोजनाओं की प्रगति बताने की मांग :
सांसद ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, वंदे भारत सेवाओं, चार रैपिड रेल मार्गों, इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो और दक्षिण हरियाणा में प्रस्तावित 10 हजार एकड़ के अरावली जंगल सफारी पार्क की प्रगति, स्वीकृतियों और समयसीमा का विवरण मांगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सरकार का दायित्व है और प्रदेशवासियों को वादों के क्रियान्वयन की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।