डबवाली। डबवाली-गंगा रूट पर वैध बस पास होने के बावजूद विद्यार्थियों से टिकट के पैसे वसूले जाने की शिकायतों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की डबवाली इकाई ने नाराजगी जताई है।
संगठन ने हरियाणा प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित निजी बस संचालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सोमवार तक समस्या का समाधान करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि राहत नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के नगर मंत्री मोहित बिश्नोई के नेतृत्व में परिषद ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी उपमंडल अधिकारी, डबवाली को शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद विद्यार्थियों को राहत नहीं मिली है। डबवाली-गंगा रूट पर सफर करने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
वैध बस पास होने के बावजूद उनसे टिकट के पैसे लिए जाने का आरोप है। मंगलवार को भी ऐसा मामला सामने आने के बाद परिषद ने प्रशासन और परिवहन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के बाद भी नहीं निकला समाधान
परिषद के अनुसार निजी बस संचालकों की कथित मनमानी के खिलाफ 22 अप्रैल 2026 को बस स्टैंड बंद कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 2 मई 2026 को भी बस संचालकों के खिलाफ आंदोलन किया गया। इन प्रदर्शनों के दौरान वैध बस पास होने के बावजूद विद्यार्थियों के टिकट काटे जाने का मुद्दा उठाया गया था। बार-बार शिकायतें देने और विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना गंभीर विषय है। इससे विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उनकी रोजाना की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन:
नगर मंत्री मोहित बिश्नोई ने प्रशासन और परिवहन विभाग से सोमवार तक उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वैध बस पास होने के बावजूद विद्यार्थियों को टिकट खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायतों की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।