पहली बार डबवाली आए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री घनश्याम सर्राफ के आगे लोगों ने शिकायतों का अंबार लगा दिया। चंडीगढ़ में एक बैठक के बहाने नेताजी हो जाएगा, हो जाएगा कहकर लोगों को टरकाते रहे। उनके अंग रक्षक उन्हें लोगों से बचाते-बचाते गाड़ी में बैठाकर खिसक गए।
दरअसल जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री मंडी किलियांवाली स्थित जलघर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मंच से उतरे ही थे कि एकाएक लोगों ने उन्हें घेर लिया।
शहर की बिगड़ी सीवरेज तथा पेयजल व्यवस्था की शिकायतों का दौर शुरू कर दिया। मंत्री शिकायत पकड़ते गए और अपने अंगरक्षकों को देते गए। अंगरक्षक बड़ी मुश्किल से उन्हें कुछ आगे ले जाते, लोग अंगरक्षकों से भिड़ते हुए मंत्री जी को शिकायत दे देते।
मंच से जलघर के मुख्य द्वार तक पहुंचने तक ऐसा चलता रहा। मुख्य द्वार पर इंदिरा नगर के लोगों ने मंत्री को घेर लिया। उन्हें सीवरेज डालने की मांग की। मंत्री ने कहा कि काम हो जाएगा।
इतना कहकर वे अपनी गाड़ी में बैठ गए। भाजपा नेता देव कुमार शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा एक निशक्त युवती से मंत्री को मिलवाना चाहते थे, ताकि उसे नौकरी मिले।
मंत्री घनश्याम सर्राफ ने उसकी ओर ध्यान तक नहीं दिया। भाजपा नेता देवकुमार शर्मा भी उनके साथ कार में बैठ गए, प्रो. गणेशी लाल के बेटे मुनीष के मंत्री के साथ बैठते ही चालक ने कार को स्पीड दे दी।
निशक्त युवती ने भी नेताजी की हरकत पर अपना मुंह मोड़ लिया। हालांकि उसके पिता ने चलती कार में देवकुमार शर्मा को नौकरी संबंधी मांग पत्र पकड़ा दिया।
स्पीड में नेता का कारवां, भाड़ में जाएं ट्रेफिक रूल
जलघर से स्पीड में निकला नेताजी का कारवां ट्रेफिक रूल तोड़ते चला गया। जैसे ही मुख्य बाजार में घुसा तो गलत दिशा में हो गया। एक भाजपा नेता के प्रतिष्ठान के आगे से निकल गया।
आगे चल रही पुलिस ने ट्रेफिक रूल तोड़ दिए। शायद ट्रेफिक रूल नेताजी या पुलिस के लिए नहीं होते। जैसे ही नेताजी देवकुमार शर्मा के घर पहुंच तो पीछे से एक कार्यकर्ता चिल्लाते हुए आ गया कि मेरा चालान काट दिया है।
ऐसे पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहां खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने डबवाली पुलिस के दोहरे रवैये का उल्लेख मंत्री घनश्याम सर्राफ के आगे करते हुए पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात करने के लिए कहा।
मंत्री ने दो टूक शब्दों में कह दिया कि मैं, किसी से बात नहीं करूंगा। इतना कहते हुए नेताजी ओढ़ां की ओर प्रस्थान कर गए।
प्रदेश को चाहिए 150 इंजीनियर, 15 एसडीओ-सर्राफ
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री घनश्याम सर्राफ की मानें तो जनस्वास्थ्य विभाग में जल्द कर्मचारियों का टोटा दूर हो सकता है। सर्राफ का कहना है कि नौकरियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने की तैयारी चल रही है।
वे डबवाली में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में विभाग का ढांचा चलाने के लिए करीब 15 एसडीओ तथा करीब 150 जूनियर इंजीनियर चाहिए।
निचले स्तर के कर्मचारियों की भी कमी है। कर्मचारियों की भर्ती जल्द की जाएगी। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि डबवाली के लिए विशेष प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है।
उन्हें पता चला है कि पाइप लाइन काफी पुरानी है। गहराई ज्यादा हो चुकी है। सीवरेज ऊंचा हो गया है। जिसके चलते सीवरेज का गंदा पानी पेयजल पाईप के साथ मिश्रित हो जाता है।
पाइप को बदलने की योजना पर काम चल रहा है। मंत्री के आगे शहर के विभिन्न सरकारी विभागों में अधिकारियों, कर्मचारियों की कमी के साथ-साथ डबवाली में स्थाई एसडीएम न होने की बात उठाई गई। मंत्री ने कहा कि यह जिम्मेवारी मेरी नहीं है। मैं अपने विभाग का बता सकता हूं।