साइबर थाना पुलिस की गिरफ्त में चारों आरोपी।
सिरसा। साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी कर बैंक अकाउंट खाली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजीत, धर्मबीर, ईश्वर व दिलबाग गांव साजन कापड़ो के रहने वाले हैं। डीएसपी आदर्शदीप का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
डीएसपी आदर्शदीप ने बताया कि 15 मई को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान यात्रा में शामिल गांव चक्का निवासी संतलाल का मोबाइल चोरी हो गया था। इसके बाद उक्त व्यक्ति के बैंक अकाउंट से 61 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित व्यक्ति ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन में कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना सिरसा पुलिस ने घटना की जांच करते हुए मंगलवार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सेटिंग में जाकर निकाल लेता था पासवर्ड
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि चारों आरोपियों ने एक गिरोह बनाया हुआ है। उक्त गिरोह मेलों, रैलियों व भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाकर मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देता है। इसके बाद डॉक्टर एप से चोरीशुदा मोबाइल का स्क्रीन लॉक तोड़कर गूगल क्रोम में जाकर पासवर्ड सेटिंग में गूगल पे, पीटीएम व फोन पे का पासवर्ड निकालकर अकाउंट से पैसे निकाल लेता है। उक्त गिरोह अब तक इस प्रकार की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पहले से दर्ज हैं चोरी के केस
डीएसपी आदर्शदीप ने बताया कि चारों आरोपी काफी शातिर हैं। इनके खिलाफ पहले से ही चोरी के केस दर्ज हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि में आरोपियों से गहन पूछताछ कर की जाएगी। पूछताछ के दौरान कई वारदातों की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है। चारों आरोपी 10वीं पास हैं।