सिरसा। स्वास्थ्य विभाग अधिकारी-कर्मचारी तालमेल कमेटी ने जियो फेसिंग बेस्ड अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के खिलाफ के खिलाफ प्रदर्शन किया और सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा। कमेटी के डॉ. विपुल गुप्ता ने बताया कि इस मामले में सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी नाराजगी जताते हुए 28 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रकट करेंगे।
डॉ. विपुल गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकों की हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन, एनएचएम कर्मचारी संगठन, दंत चिकित्सक एसोसिएशन, एचकेआरएन एसोसिएशन, नर्सिंग एसोसिएशन, फार्मेसी ऑफिसर एसोसिएशन, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी कर्मचारी संगठन ने सिविल सर्जन डाॅ. महेंद्र सिंह भादू को ज्ञापन सौंपा है।
डॉ. विपुल गुप्ता ने बताया कि चार अगस्त को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक कार्य का बहिष्कार करते हुए गेट मीटिंग करेंगे। इसके बाद सिविल सर्जन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से जियो फेसिंग बेस्ड अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के तहत उपस्थिति दर्ज करवाने के आदेशों को वापस लेने की मांग की जाएगी।
डॉ. विपुल गुप्ता ने बताया कि अगर सरकार ने जिओ फेसिंग बेस्ड अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के तहत उपस्थिति दर्ज करवाने के आदेशों को वापस नहीं लिया तो 10 अगस्त को पुन: स्वास्थ्य विभाग अधिकारी-कर्मचारी तालमेल कमेटी हरियाणा की बैठक करके आगे की रणनीति बनाएंगे। इसके बाद आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इस दौरान डॉ. आरके दहिया, डॉ. राजेश चौधरी, डॉ. संदीप सिंह, योगेश खन्ना, विजय ढींगडा, राजकुमार भारद्वाज, गायत्री आदि मौजूद रहे।