दुकान पर छापे मारी के दौरान जांच करते हुए अधिकारी।
रानियां। शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजार में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने दुकानों पर छापेमारी कर पॉलिथीन रखने वाले 4 दुकानदारों के चालान काटे। एसडीओ हरिप्रसाद के नेतृत्व में बाजार में पहुंची प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम को देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान टीम सदस्यों ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दुकानदारों को पॉलिथीन लिफाफे की जगह कपड़े से बने बैग रखने व उसी में ग्राहकों को समान दिये जाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीओ हरिप्रसाद ने दुकानदारों से कहा कि वे सभी अपनी दुकान के अंदर व बाहर दुकान से पॉलिथीन न बेचने व देने का एक बोर्ड लगाए और अपने ग्राहकों से सामान लेने आते समय घर से कपड़े के थैले साथ लाने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड टीम के साथ नगरपालिका रानियां सफाई निरीक्षक प्रवीण कुमार, मैजर सिंह व इकाई प्रधान सोमपाल पुहाल शामिल रहे।
नगरपालिका रानियां की ओर से पिछले 6 दिनों से शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से सफाई अभियान चलाया जा रहा है और शहरवासियों सहित दुकानदारों को भी पॉलिथीन का प्रयोग ना करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। भविष्य में अगर कोई दुकानदार पॉलिथीन रखते, बेचते पाया गया तो प्रशासन की ओर से उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किए जाएंगे।
- विक्रमजीत, सचिव, नगरपालिका रानियां।
सरकार पॉलिथीन थैली को लेकर छोटे दुकानदारों को बिना वजह परेशान कर रही है। सरकार को चाहिए कि वो पॉलिथीन बनाने वाले बड़े कारखानों पर ही रोक लगाए और कपड़े के थैले बनाने वाले कारखानों को बढ़ावा दे, ताकि शहरों सहित ग्रामीण क्षेत्र व सब जगहों पर पॉलिथीन पूर्णत: बंद हो और वातावरण स्वच्छ व सुरक्षित रहे। -
भुवनेश मैहता, प्रदेश सचिव हरियाणा व्यापार मंडल।