वार्ड 29 में पार्षद के उपचुनाव के लिए शुक्रवार को को अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। ऐसे में अब चुनावी मैदान में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले चार उम्मीदवार हैं। अब प्रत्याशी 25 दिसंबर तक चुनाव प्रचार कर सकेंगे और मतदान 27 को होगा। बता दें कि वार्ड 29 की भाजपा पार्षद ज्ञान देवी मेहता का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद चुनाव आयोग उप चुनाव करवा रहा है। सिरसा नगर परिषद में मौजूदा समय में 30 पार्षद हैं।
जानकारी के अनुसार नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर थी। नामांकन पत्र वापस न लेने पर शुक्रवार को जिला निर्वाचन आयोग ने चारों उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया। भाजपा की अंजनी मेहता को कमल का फूल मिला, क्योंकि वे पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ रहीं हैं। जबकि कांग्रेस समर्थित पार्षद राखी मौर्य को कार, हलोपा समर्थित उम्मीदवार निशा को रेल इंजन व निर्दलीय उम्मीदवार सुषमा को उगता हुआ सूरज का चुनाव चिन्ह मिला। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद सभी उम्मीदवारों ने दोपहर बाद वार्ड में प्रचार करना शुरू कर दिया। ऐसे में अबकी बार चौतरफा मुकाबला होने के आसार है। वहीं चुनाव के तहत चंडीगढ़ से 10 ईवीएम मशीनें भी स्ट्रांग रूम में पहुंच गई हैं। उम्मीदवार 25 दिसंबर की शाम तक चुनाव प्रचार कर सकते हैं। चुनाव 27 दिसंबर को साढ़े पांच बजे तक मतदान होगा तथा 30 दिसंबर को मतगणना होगी तथा परिणाम घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए मॉडल संस्कृति स्कूल में बूथ बनाया जाएगा। वार्ड में करीब 4200 मतदाता हैं। बता दें कि पिछले चुनाव में भाजपा की ज्ञानो देवी ने सुषमा मल्होत्रा को हराया था। उनके निधन के बाद भाजपा ने उनकी पुत्रवधू अंजनी मेहता को चुनाव में उतारा है। जबकि पिछली बार चुनाव में दूसरे स्थान पर रहने वाली सुषमा मल्होत्रा भी चुनावी मैदान में है।
कोट्स
किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र वापिस नहीं लिया। सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट कर दिए गए हैं।
- हवा सिंह, चुनाव कानूनगो, सिरसा।