पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के बालासर फार्म पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते किसान जरनैल ?
- फोटो : Sirsa
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों के विरोध में जहां किसानों का धरना प्रदर्शन जोरों पर चल रहा है। वहीं रानियां के नजदीक लगते गांव बालासर में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के फार्म हाउस के समक्ष किसान नेता जरनैल सिंह बराड़ ने अर्धनग्न होकर रविवार दोपहर को प्रदर्शन किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जरनैल सिंह बराड़ ने कहा कि वे कृषि कानूनों को लेकर अपने अंदाज में विरोध जता रहे हैं जिसके लिए वे सभी राजनेताओं के निवास स्थान के बाहर अर्धनग्न होकर दो घंटे का प्रदर्शन करेंगे। उनका यह प्रदर्शन अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्र सरकार इन कृषि कानूनों को रद्द नहीं कर देती। किसान नेता जरनैल सिंह बराड़ ने बताया कि वे प्रतिदिन 12 से 2 बजे तक राजनेताओं के निवास स्थान पर अर्धनग्न प्रदर्शन जारी रखेंगे। रविवार को उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बालासर फार्म हाउस के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे जेजेपी नेता डॉ. अजय सिंह चौटाला के सिरसा निवास स्थान के समक्ष जाकर अर्धनग्न प्रदर्शन करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निवास स्थान पर भी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास स्थान के समक्ष जाकर अर्धनग्न प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि विपक्ष के राजनेता अपनी राजनीति चमकाने के मकसद से अनाप शनाप बयान बाजी कर रहे हैं लेकिन किसानों के हक में न आकर अपना वोट बैंक काबिज करने की फिराक में है। उन्होंने विपक्ष के राजनेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें किसानों के दर्द की कोई चिंता नहीं है किसानों की इस लड़ाई में सभी राजनेता अपना अपना उल्लू सीधा करने में लगे हुए हैं जो कि घटिया मानसिकता का परिचय है।