ग्रामीणों से बातचीत करते पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। रानियां क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग की अपहरण कर हत्या करने मामले में पुलिस ने 10 दिनों बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने नाबालिग की हत्या मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। दोनों आरोपी विनोद व सुरेंद्र उर्फ मोनू मृतका के गांव के ही रहने वाले है। इनमें से एक आरोपी विनोद का बीते चार साल से उनके घर आना जाना था। जिसके कारण नाबालिग उसे घर में आने पर रोका टोकी करती थी। इसी बात को लेकर घर में कई बार अनबन भी हो चुकी थी। जिसके कारण विनोद और उसके दोस्त सुरेंद्र ने पहले नाबालिग का अपहरण किया फिर खेत में ले जाकर चुन्नी से उसका गला घोटकर हत्या कर दी और शव उसके घर से कुछ दूरी पर ही खेत में ही फेंक दिया।
शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि वारदात को सुलझाने के लिए ऐलनाबाद के उप पुलिस अधीक्षक जगत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद व सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विनोद और सुरेंद्र ने नाबालिग की हत्या को स्वीकार किया है।
घर छोड़ने के बहाने से नाबालिग को मोटरसाइकिल पर ले गया था विनोद
25 जुलाई को आरोपी विनोद शाम के वक्त गांव के बस अड्डे पर पहुंच गया। वहां उसने काफी देर तक नाबालिग का दूध लेकर आने तक इंतजार करता रहा। विनोद ने योजना के तहत दूसरे आरोपी सुरेंद्र को शमशान घाट के पास थोड़ी दूरी पर खड़ा कर दिया। जैसे ही नाबालिग दूध लेकर कुस्सर रोड पर आई तो आरोपी ने उसे घर छोड़ने की बात कह कर बाइक पर बैठा लिया। थोड़ी दूर आगे चलने के बाद उसने सुरेंद्र को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों नाबालिग को अपने खेतों में ले गए। जहां पर दोनों ने चुन्नी से उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को बाइक पर ले जाकर गांव कुस्सर के नरमा के खेत में डाल दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसकी मां के पास आ गए ताकि उन पर किसी प्रकार का कोई शक ना हो।
आरोपी विनोद पर सात तो सुरेंद्र के खिलाफ एक मामला है दर्ज
आरोपी विनोद की उम्र 24 साल है और वह अविवाहित है तथा गांव में ही खेती बाड़ी का काम करता है। 10वीं कक्षा तक पढ़े आरोपी विनोद के खिलाफ रानियां व शहर थाना सिरसा में चोरी व डकैती के कुल 7 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में जेल से बाहर आया था। इसके अलावा दूसरा आरोपी सुरेंद्र अविवाहित है और 10वीं पास है जोकि फर्नीचर का काम करता है। आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ भी एक चोरी का केस थाना ऐलनाबाद में दर्ज है।
मां के अवैध संबंध होने की आशंका जता पुलिस कर रही जांच
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि चार साल से विनोद का नाबालिग के घर आन जाना था। नाबालिग रोकटोक करती थी। इस पर उनमें अनबन भी हो गई थी। इसी रंजिश में नाबालिग की हत्या की गई। पुलिस इस मामले में मृतका की मां के विनोद के साथ अवैध संबंध होने की आशंका जता भी मामले की जांच कर ही है। वहीं पुलिस ने नाबालिग के विसरा जांच के लिए भी मधुबन लैब में भेजे हैं। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म होने की पुष्टि हो पाएगी।