फिल्म ‘स्पेशल 26’ में फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले अभिनेता की तर्ज पर सिरसा में भी कुछ लोगों ने यह जाल बिछाना शुरू किया, लेकिन फिल्म के विपरित धरे गए। उन्होंने सीआईए स्टाफ बनकर बिजली कुंडी के एक मामले में मकान मालिक को धमकाया और उससे 20 हजार रुपये ठग लिए।
शहर थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे अन्य वारदात को खुलासा करने के लिए पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह एंटी करप्शन ब्रांच, क्राइम ब्रांच और सीआईए स्टॉफ के नाम पर अनेक लोगाें को ठग चुका है।
क ीर्ति नगर चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामकुमार ने बताया कि इस गिरोह में पांच लोग शामिल हैं। गिरोह के सरगना गोशाला मोहल्ला निवासी अमरजीत पुत्र नानूराम ने अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से एंटी करप्शन सोसायटी रजिस्टर्ड करवा रखी थी।
पुलिस ने गिरोह के सदस्यों से एंटी करप्शन के पांच पहचान पत्र भी बरामद किए हैं। गिरोह में सरगना अमरजीत का बेटा अजय, अवतार पुत्र दर्शन निवासी संतनगर, सुधीर पुत्र महेंद्र निवासी मेला ग्राउंड और मुकेश पुत्र मोहन निवासी ढाणी सावन शामिल हैं। उक्त सभी को पुलिस ने रविवार शाम को गोशाला मोहल्ला से गिरफ्तार किया।
जांच अधिकारी रामकुमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले गिरोह के लोग रंगड़ी रोड स्थित जगदंबे कॉलोनी निवासी बलविंद्र पुत्र धर्म सिंह के घर गए और खुद को सीआईए पुलिस बताया। बलविंद्र ने बिजली की कुंडी लगा रखी थी। नकली सीआईए स्टॉफ ने बलविंद्र सिंह से 50 हजार रुपये मांगे।
डर के मारे बलविंद्र ने इनको 20 हजार रुपये दे दिए। बलविंद्र ने जांच पड़ताल की तो सीआईए स्टॉफ पुलिस उसके घर नहीं आई थी और नकली सीआईए पुलिस बनकर आए लोग उसको ठगकर चले गए।
आरोपियों को सोमवार सुबह सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच अधिकारी रामकुमार के अनुसार अदालत से पुलिस रिमांड हासिल करके यह पता लगाया जाएगा कि इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
------------------------------------------------------------
फोटो विवरण:04एसआईआरपी33: पुलिस हिरासत में ‘स्पेशल 26’ गिरोह के सदस्य