- विधायक ने तुरंत मिलाया मंत्री को फोन, दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
फोटो-6
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। फायर कर्मचारियों ने आंदोलन के 18वें दिन शनिवार को विधायक गोकुल सेतिया को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी फरीदाबाद अग्निकांड में हुई दो फायर कर्मियों भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह की मौत के मामले में परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने तुरंत मंत्री विपुल गोयल को यूनियन पदाधिकारियों के सामने ही फोन मिलाया और फायर कर्मचारियों की मांगों को जल्दी से जल्दी पूरा करने की मांग की। ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने की।
प्रधान ने बताया कि 17 दिन बीत जाने के बाद भी सरकार व विभाग की ओर से उनकी मुख्य मांग को लेकर कोई जवाब नहीं आया है। इससे उनकी मंशा का साफ पता चल रहा है। अब कर्मचारियों द्वारा जन प्रतिनिधियों (विधायकों) से इस मामले में सहयोग की अपील करते हुए ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।
राजेश ने कहा कि अगर जनप्रतिनिधियों से कोई सहयोग नहीं बना तो सांसदों से सहयोग मांगा जाएगा ताकि मृतक कर्मचारियों के परिवारजनों को राहत पहुंचाई जा सके। संघर्ष की आगामी कड़ी में 27-28 अप्रैल को क्रमिक भूख हड़ताल और एक और दो मई को दो दिवसीय राज्य स्तरीय हड़ताल की जाएगी।
इस मौके पर सुखदेव सिंह कोषाध्यक्ष, एसकेएस सचिव रमेश सैनी, ऋषि सिहाग, सुखराम, अनिल, सजन जांदू, संदीप ज्यानी, सतबीर, राकेश यादव व अन्य मौजूद रहे।