सिरसा में कूलर फैक्टरी में लगी आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सिरसा के निकटवर्ती गांव बेगू में कूलर फैक्टरी में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों को जब आग लगने का पता चला तो इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई थी। लाखों के सामान के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बेगू में स्थित कूलर फैक्टरी में शनिवार सुबह आग लग गई। जिस समय आग लगने की घटना हुई, तब मजदूर काम कर रहे थे। फैक्टरी मालिक मौजूद नहीं था। मजदूरों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते आग ने विशाल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया।
11 बजे तक फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई थीं। आग बुझने के बाद ही पता चल पाएगा कि कितना नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार गर्मी सीजन को देखते हुए फैक्टरी में नए कूलरों का निर्माण किया जा रहा है, जिस कारण बड़ा नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।