सिरसा। मिशन बुनियाद के तहत पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से अब फीस नहीं ली जाएगी। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिले में 5 बुनियाद सेंटरों पर 173 विद्यार्थी आईटी व नीट की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। बुनियाद सेंटर में कोचिंग लेने वाले किसी भी विद्यार्थी की फीस नहीं ली जाती थी।
कुछ समय पहले शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए गए थे कि जिन सेंटरों पर विद्यार्थी कोचिंग ले रहे हैं, उन्हीं सेंटरों के स्कूलों में विद्यार्थी का दाखिला भी होगा। जिन स्कूलों में सेंटर बनाए गए हैं वो सभी मॉडल संस्कृति यानी सीबीएसई से हैं उनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मासिक, वार्षिक व दाखिला फीस देनी होगी। अब निदेशालय ने एक बार फिर से आदेश जारी किए है कि सिर्फ बुनियाद में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्कूल में फीस नहीं भरनी होगी। बाकी जो विद्यार्थी उस स्कूल में पढ़ रहे हैं उन्हें फीस देनी होगी।
जिले में इन जगहों पर बने है बुनियाद के सेंटर
जिले में शिक्षा विभाग की ओर से मॉडल स्कूल सिरसा, नाथूसरी चोपटा, ऐलनाबाद, कालांवाली, डबवाली व ओढां में बुनियाद केंद्र बनाए गए हैं। इन सेंटरों पर कुल 173 विद्यार्थी कोचिंग ले रहे है। नौंवी कक्षा के चोपटा सेंटर में 20, सिरसा में 26, ओढ़ां में 6, चोपटा में 24 और ऐलनाबाद में विद्यार्थी बुनियाद सेंटर में कोचिंग ले रहे हैं। वहीं दसवीं कक्षा में डबवाली में 70, सिरसा में 35, चोपटा में 15 और ऐलनाबाद में 13 विद्यार्थिी कोचिंग ले रहे हैं।
जानिए क्या है बुनियाद मिशन
बुनियाद मिशन के तहत राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। बुनियाद कोचिंग के लिए विद्यार्थियों की परीक्षा करवाई जाती है। यह एक प्रकार की प्रवेश परीक्षा होती है। पहले पंजीकरण, उसे बाद पहले, दूसरे और तीसरे स्तर की परीक्षा होती है। जो विद्यार्थी तीनों स्तर पार कर लेते हैंए उन्हें बुनियाद के तहत एक साल की निशुल्क में कोचिंग दी जाती है। ये विद्यार्थी अपनी रेगुलर पढ़ाई भी कर सकते हैं । चयनित विद्यार्थियों को दो वर्ष यानी 11वीं व 12वीं में आईटी व नीट प्रतियोगी परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
मिशन बुनियाद के तहत जिले में 5 सेंटर बनाएं गए हैं। जिसमें 173 विद्यार्थी कोचिंग ले रहे हैं। बुनियाद के विद्यार्थियों से अब स्कूल में किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दे दिए गए है।
- मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सिरसा