अनशनकारी किसान नेता बलदेव सिंह को सम्मानित करते चिल्ला साहिब गुरुद्वारा के सदस्य।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। डिप्टी स्पीकर की गाड़ी पर हमला करने और देशद्रोह का केस दर्ज होने पर पांच किसानों को पुलिस ने गिरफ़्तार किया था। वीरवार को अदालत ने इन पांचों को जमानत दी थी। अदालत में वीरवार को सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा लगाई गई देशद्रोह की धारा 124 एक को संदिग्ध माना, इसलिए अदालत ने पांचों आरोपियों का जमानत दी है। हालांकि सरकारी पक्ष ने आरोपियों की जमानत का विरोध करते हुए कहा कि वे पांचों आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं परंतु वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। वहीं बचाव पक्ष ने कोर्ट से कहा कि देशद्रोह की धारा बिना ठोस तर्क के लगाई गई है। बचाव पक्ष ने कहा कि इस मामले में अधिक से अधिक धारा 308 बनती है। ऐसे में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि इस मामले में देशद्रोह की धारा संदिग्ध है, इसलिए वर्तमान जमानत याचिका को खारिज करने का कोई आधार नहीं है। पांचों आरोपी साहिब सिंह, दलजीत सिंह, बलकार सिंह, मिठा सिंह, बलकौर सिंह को 50, 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके पर जमानत दी गई।
दूसरी ओर शुक्रवार को पांच किसानों की रिहाई की मांग को लेकर अनशन पर बैठे बलदेव सिंह को गुरुद्वारा चिल्ला साहिब में सम्मानित किया गया। हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि बलदेव सिंह के योगदान को वे भुला नहीं पाएंगे। उन्होंने उम्र की परवाह न करते हुए अनशन का निर्णय लिया और उनके अनशन के आगे प्रशासन व सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर किसानों के आंदोलन को तोड़ना चाहती है, लेकिन किसानों की एकता के आगे हर बार सरकार को ही मुंह की खानी पड़ी है। इस मौके पर सतपाल सिंह सिरसा, बलवंत सिंह प्रधान, जिंदा नानूआना, मदन लाल खोथ, सुखदीप प्रधान उपस्थित रहे।
रोड जाम करने पर 525 किसानों पर दर्ज मामले पर जताया रोष
पुलिस ने 21 जुलाई को रोड जाम करने पर 525 किसानों के खिलाफ 22 जुलाई रोड जाम करने का मामला दर्ज किया है। इसके विरोध में हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेडा ने कहा कि 21 जुलाई को किसानों द्वारा संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर रोड जाम किए गए थे। सरकार ने कई किसानों पर मुकदमे दर्ज कर दिए हैं। सरकार सरकार जानबूझकर ओछी हरकतें कर रही हैं इनके मुकदमों से किसान डरने वाले नहीं हैं।
किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा प्रेस कांफेस में जानकारी देते हुए।- फोटो : Sirsa