सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने जिले भर में राजमार्ग व मुख्य सड़कों पर ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने डब्लयूटीओ का पुतला फुंका। किसानों ने सड़कों पर सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक प्रर्दशन किया। किसानों ने अलग अलग जगहों पर दो सौ से ज्यादा ट्रैक्टर के साथ प्रदर्शन किया। किसानों ने भावदीन टोल प्लाजा, खैरेकां व मुसाहिब वाला के पास प्रर्दशन किया।
सिरसा में यहां रहा प्रदर्शन
जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी किसानों को रोकने के लिए गांव खैरेकां में बने घग्गर नहर पर नाका लगाया हुआ है। हाईवे पर लगे इसी नाके पर किसान संगठनों ने सुबह 11 बजे से लेकर 3 बजे तक ट्रैक्टर ट्रॉली रोक कर प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रदर्शन करने के साथ डब्ल्यूटीओ का पुतला भी फूंका। इस दौरान किसान संगठन नानूआना एसकेएम समन्वयक समिति सदस्य, बाबा गुरदीप सिंह व हमजिंद्र सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार किसानों व मजदूरों को बर्बाद करने पर तुली हुई है
ऐलनाबाद में यहां रहा प्रदर्शन
ऐलनाबाद में किसानों ने अनाज मंडी से लेकर तहसील तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस दौरान किसान यूनियन हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश ममेरां, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सिद्धू, जरनैल सिंह बराड, कामरेड सुरजीत सिंह, गुरदीप सिंह गुराया, अमरजीत बराड़, प्रद्युमन सिंह, कुलदीप मुंदलिया, सुरेंद्र खोसा, जरनैल सिंह प्रतापनगर, नरवेर सिंह पूर्व सरपंच, सुखबाज सिंह, मेहंगा सिंह तलवाड़ा खुर्द आदि शामिल हुए। प्रकाश सिंह ममेरां ने कहा कि विश्व व्यापार संगठन के दबाव में सरकार किसान विरोधी कार्य कर रही है। तीन कृषि कानूनों को उसी के दबाव में बनवाया गया था। किसानों को अपने ही देश की राजधानी जाने से रोका जा रहा है। किसानों पर अत्याचार ना करके सरकार उनकी मांगें सुने और उन्हें पूरा करे।
डब्ल्यूटीओ है जिम्मेवार : लखा
राष्ट्रीय किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष लखा सिंह अलीकां ने बताया कि विश्व व्यापार संगठन भारत में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य न देने, धन के रूप में लाभ के सीधे हस्तांतरण करके पीडीएस को वापस लेने के लिए मजबूर करने के लिए जिम्मेवार है। दोनों शर्तें किसानों, गरीबों और भारत की खाद्य सुरक्षा और संप्रभुता के लिए हानिकारक है। इस मौके पर लहंगेवाला से हरदेव सिंह खालसा, नवदीप सिंह, बादल सिंह, सुखदीप सिंह, रंगा से सरपंच कर्मजीत, बुध सिंह मत्तड़ से, नायब सिंह मलड़ी, मंदर सिंह भीवां, जरनैल सिंह अलीकां सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
डबवाली के कई गांवों में ट्रैक्टर मार्च
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर डबवाली के कई गांवों ने नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर खड़ा कर प्रदर्शन किया। किसान नेता राकेश फगोडि़या और किसान नेता सरदार भोला सिंह डबवाली, जसवीर भाटी ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा का आह्वान पर ट्रैक्टरों को नेशनल हाईवे पर साइड में खड़ा कर विरोध जताया गया है। किसी भी तरह से कोई यातायात बाधित नहीं हुआ है। दोपहर बाद विश्व व्यापार संगठन (डबल्यूटीओ) के पुतले का दहन किया गया है। प्रदर्शन में राकेश फगोड़िया, भोला सिंह डबवाली, मनदीप सिंह डबवाली, हरबंस सिंह देसूजोधा, मलकीत सिंह डबवाली, जरनैल सिंह डबवाली हरदीप सिंह अलिका, संतोख सिंह जोगेवाला, कुलदीप सिंह जोगेवाला, जसवंत सिंह हेबुआना, गुरवीर सिंह जोगेवाला, बिंदर सिंह सक्ताखेड़ा, हैपी अलिका, जगदेव अलिका, सुखराज सिंह अलीकां सहित किसान नौजवान उपस्थित रहे।
ये हैं किसानों की मांगें
सरकार स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के मुताबिक सी2 प्लस 250 प्रतिशत के फार्मूले से सभी फसलों के भाव दे।
बिजली संशोधन विधेयक को रद्द करके निजीकरण करने से रोका जाए।
सभी किसान-मजदूरों को कर्ज मुक्त किया जाए।
भारत को डब्ल्यूटीओ से खेतीबाड़ी व जनवितरण प्रणाली बाहर रखें।