डबवाली। सीसीआई द्वारा नरमा खरीद की मांग को लेकर किसान जत्थेबंदियों ने संयुक्त रूप से एकत्रित होकर शनिवार को मार्केट कमेटी कार्यालय व नई अनाज मंडी के चारों गेटों पर तालाबंदी की। राष्ट्रीय किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह भाटी की अध्यक्षता में धरना देकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र मेहता को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
किसान नेता जसवीर सिंह भाटी ने बताया कि पिछले तीन माह से सीसीआई की ओर से नरमा की खरीद नहीं की जा रही है। इसके चलते प्राइवेट व्यापारियों द्वारा कम दामों पर नरमे की खरीद की जा रही है। क्वालिटी का बहाना बनाकर 4500 से लेकर 5500 हजार तक नरमे की खरीद की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी किसानों की ओर से सीसीआई की खरीद शुरु करवाने के लिए मार्केट कमेटी अधिकारियों को मांग पत्र देकर समर्थन मूल्य पर सीसीआई की ओर से खरीद शुरु करवाने की मांग की जा चुकी है । इसके बावजूद भी कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीआई की ओर से अगर नरमा की खरीद जल्द शुरु नहीं की गई तो वह आंदोलन को तेज करेंगे। जिसकी जिम्मेवारी सरकार व प्रशासन की होगा। इस मौके शहर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार, कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान गौरव मोंगा के अलावा किसान भोला सिंह, गुरपाल सिंह मांगेआना, जगदीप सिंह, खुशदीप सिंह व सुंदर पाल हैबूआना, प्रितपाल सिंह, जसवंत सिंह, हरदीप सिंह, गुरमेल सिंह, नरेंद्र सिंह, नछत्तर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
-
किसानों की ओर से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था। किसानों की ओर से मांग पत्र सौंपा गया है।सीसीआई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है, बोली के समय वह मौके पर व्यापारियों के साथ रहेगा। इसके अलावा जो उनकी मांगें हैं वह उपायुक्त को अवगत करवा देंगे।
वीरेंद्र मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी