सिरसा। डबवाली के वार्ड नंबर 15 निवासी एक व्यक्ति से उसके बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 2.50 लाख रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जवाहर लाल ने बताया कि उसके दीपक और संदीप दो बेटे हैं, जोकि कम पढ़े लिखे हैं। उसके घर के पास ही कमल पुत्र शिव दयाल निवासी कबीर बस्ती का घर है। कमल राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल अबूबशहर में सेवादार है। कमल ने उससे कहा कि उसका जानकारी में एक व्यक्ति है, जिसकी राजनेताओं तक पहुंच है। वह उसके बेटे को सरकारी नौकरी लगवा देगा। कमल की बातों में आकर उसने उस पर विश्वास कर लिया। इसके बाद कमल ने धन्ना राम पुत्र हरि राम आईदान निवासी धौलपालिया को अपने घर पर बुलाकर उससे पहचान करवाई। जवाहर लाल ने बताया कि कमल व धन्ना राम ने कहा कि साढ़े तीन लाख रुपये में वह उसके बेटे को सेवादार की नौकरी लगवा देगा। इसके बाद 3 लाख रुपये में बात तय हो गई। जवाहर लाल ने बताया कि उसने अपना सोना के आभूषण बैंक में गिरवी रखकर एक लाख रुपये और एक लाख रुपये अपने भाई से उधार लिए। 25 दिसंबर 2020 को कमल और बन्ना को अपने घर बुलाया और उन्हें दो लाख रुपये दे दिए। बाकी रकम बेटे की सैलरी आने पर देने की बात कही। दोनों उसके बेटे संदीप के शैक्षिणक प्रमाण-पत्र लेकर आश्वासन दिया कि मार्च-अप्रैल में सेवादार कीर नौकरी का ज्वाइन पत्र मिल जाएगा। अप्रैल बीतने तक संदीप की नौकरी का नियुक्ति पत्र नहीं मिला।
जवाहर ने जब कमल से पूछा तो उसने बताया कि संदीप की की फाइल लगाई हुई है। सीएम की बैठक में फाइल मंजूर होते ही नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। इसी प्रकार काफी समय बीतता गया। बार-बार कहने पर दोनों ने उसे दो माह पहले दो चेक उसके बेटे दीपक के नाम के दे दिए। 10 अगस्त 2023 को जब चेक लेकर बैंक गया तो कमल के खाते में पैसे ही नहीं थे। इसके बाद भी दोनों से राशि की मांग की गई, लेकिन कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं दिया। इस बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।