मध्यप्रदेश के बड़वानी नर्मदा राजघाट और अन्य कई राज्यों से मिट्टी लेकर शनिवार को मिट्टी सत्याग्रह यात्रा सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम स्थित पक्का मोर्चा धरना स्थल पर पहुंची। यात्रा में शामिल किसान एकत्रित होकर हुडा रोड स्थित जजपा कार्यालय के समक्ष चौराहे पर पहुंच गए। किसानों ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में 15 मिनट में किसान चौक का निर्माण कर दिया। किसानों को किसान चौक का निर्माण करने से प्रशासनिक अधिकारी रोकते रहे, लेकिन किसान नहीं माने। किसानों ने चौक का निर्माण करने के बाद प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर चौक के साथ छेड़छाड़ हुई तो किसान सहन नहीं करेंगे।
मध्यप्रदेश से 30 मार्च को शुरू हुई थी मिट्टी सत्याग्रह यात्रा
देशभर के शहरों और शहीदी स्थलों से मिट्टी एकत्र करने के लिए मेधा पाटकर के नेतृत्व में मध्यप्रदेश से 30 मार्च को मिट्टी सत्याग्रह यात्रा शुरू की गई थी। यात्रा मध्यप्रदेश से गुजरात, राजस्थान और अन्य कई राज्यों से होते हुए शनिवार सुबह सिरसा स्थित गुरुद्वारा दसवीं पातशाही में पहुंची। इसके बाद बाजारों से पैदल मार्च करते हुए यात्रा निकाली गई और सुबह 11:30 बजे यात्रा शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में पहुंची। इस मौके पर मेधा पाटकर ने कहा कि भाजपा सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। ऐसी सरकार की देश को जरूरत नहीं है। इस मौके पर हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा, सतपाल सिंह सिरसा, जिंदा नानूआना, जीवनप्रीत सलारपुर, नवदीप सलारपुर, त्रिलोचन सिंह पंजुआना, सुरजीत सिंह बेगू, सुखविंद्र सिंह धर्मपुरा, लखा सिंह अलीकां, वेद चामल, गुरमंगत सिंह वैदवाला, सुखदेव सिंह वैदवाला, त्रिलोचन सिंह अलीकां उपस्थित रहे।
चौक पर किसान एकता का झंडा लगाया
शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम से दोपहर डेढ़ बजे किसान और मिट्टी सत्याग्रह यात्रा में शामिल सदस्य बरनाला रोड से होते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से हुडा रोड स्थित जजपा कार्यालय के समक्ष पहुंचे। मंत्री आवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने चौराहे पर पहुंचते ही रेत और सीमेंट मिलाकर ईंटें लगानी शुरू कर दीं। एसडीएम जयबीर यादव व डीएसपी कुलदीप सिंह किसानों से चौक न बनाने के लिए अनुरोध करते रहे, लेकिन किसान नारे लगा चौक के निर्माण में लगे रहे। किसानों ने 15 मिनट में चौक तैयार कर दिया और उस पर किसान एकता का झंडा लगा दिया।
किसान बोले - चौक के साथ छेड़छाड़ हुई तो नहीं करेंगे सहन
किसानों ने चौक का निर्माण करने के बाद प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर प्रशासन की ओर से किसान चौक के साथ छेड़छाड़ की गई तो उसे किसान सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चौक पर पुलिस बल का 24 घंटे पहरा रहता है। पुलिसकर्मी भी चौक का ध्यान रखें और किसानों के साथ खड़े हों। हालांकि किसानों ने चौक बनाने के लिए पहले से ही तैयारी कर रखी थी और ईंटें, रेता और सीमेंट ट्रॉली में डालकर अपने साथ लेकर पहुंचे थे।