शहर के बाजार में रोष प्रर्दशन करते हुए किसान व चालक ।
सिरसा। नए हिट एंड रन कानून के विरोध में सोमवार को किसानों और चालकों ने प्रदर्शन किया। भावदीन टोल से किसान विरोध जताते हुए शहर में पहुंचे। इसके बाद शहर में मार्च निकाला और चालक लघु सचिवालय के समक्ष धरन पर बैठ गए। प्रदर्शन को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों ने मांगों को लेकर सीटीएम अजय कुमार को सरकार के नाम अपना मांगपत्र सौंपा। इस दौरान कार में साउंड सिस्टम चलाकर गुरबाणी चलाई गई।
राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा एंड ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट सारथी व किसान यूनियन ने संयुक्त रूप से प्रधान मनजीत सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन किया। सभी ने कहा कि नए हिट एंड रन कानून को खत्म किया जाना चाहिए। यह कानून चालकों के लिए मौत का फरमान के समान है। कार व अन्य वाहन चालकों पर भी यह कानून लागू होता है। ऐसे में वाहन सड़कों पर चलाना मुश्किल हो जाएगा। नियमित रूप से सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों का रोजगार छीनने का कार्य इस कानून ने किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री से मांग है कि इस कानून को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाएगा। यदि कानून बनाया जाता है तो ट्रक व ट्रांसपोर्ट यूनियन से राय ली जाए। इस दौरान जिला प्रधान सिरसा महेंद्र सिंह, बृजलाल, कमलेश शर्मा, भगवत सिंह, अमरसिंह, आजाद सिंह आदि मौजूद रहे।