गांव रूपाना गंजा में हाथ कटने के बाद ज्यादा खून बहने से किसान की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई ने बाइक सवार तीन युवकों पर धारदार हथियारों से हत्या करने का आरोप लगाया है, वहीं, पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है। हमले से घायल किसान को उसके परिजनों ने गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल पहुंचाया, यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
सूचना मिलने पर चौपटा थाना प्रभारी सुखदेव सिविल अस्पताल में पहुंचे। थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। गांव रूपाना गंजा निवासी सुरेंद्र पुत्र सोहनलाल सोमवार सुबह किराना की दुकान पर सामान लेने गया था।
सुरेंद्र के चचेरे भाई राजेंद्र ने बताया कि सामान लेेकर घर लौट रहा सुरेंद्र हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो रास्ते में पड़ने वाली सुनसान जगह पर बाइक पर सवार तीन युवकों ने घेर लिया और धारदार हथियारों से उसका दाया हाथ काट दिया और पंजा अपने साथ ले गए।
कुछ ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों को जाते हुए देखा भी है। ग्रामीणाें ने इसकी सूचना सुरेंद्र के परिवार वालों को दी। चचेरे भाई राजेंद्र ने जमीन पर गिरे पडे़ खून से लथपथ सुरेंद्र को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। सोमवार दोपहर साढे़ 12 बजे सुरेंद्र की अस्पताल में मौत हो गई।
सुरेंद्र के दो बेटे हैं और दोपहर तीन बजे उसके पुत्र विनोद और कृष्ण सिविल अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि हाथ कटने से सुरेंद्र का ज्यादा खून बह गया और इसी कारण उसकी मौत हो गई। राजेंद्र ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। इस घटना से पूरा परिवार और ग्रामीण सन्न हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
चौपटा थाना प्रभारी सुखदेव का कहना है कि पुलिस की शुरुआती जांच और मृतक के पुत्र विनोद के बयानों से मामला संदिग्ध बना हुआ है। मृतक के पुत्र विनोद ने बताया है कि उसके पिता घायल हालत में सुबह घर आए। उनका हाथ कटा हुआ था लेकिन यह कैसे कटा, इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं बोला।
परिवार वाले उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले आए। विनोद का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। एसआई छबीलदास कागजी कार्रवाई कर रहे हैं। एसएचओ के मुताबिक पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।