संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऐलनाबाद में किसान से रोटावेटर, ट्रैक्टर व बिजाई मशीन पर सब्सिडी दिलाने के नाम पर 164210 रुपये ठगी हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नोहर रोड निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 7 फरवरी 2023 को गोविंद कुमार पुत्र सुल्लान राम निवासी सिरसा का फोन आया। उसने कहा कि वह सिंचाई के लिए भूमिगत पाइप लाइनों की अनुदान की फाइल तैयार करता है। इस पर उसने फाइल तैयार करने के लिए कह दिया। फाइल खर्च का 3500 रुपये उसके खाते में भेज दिए। गोविंद के कहे अनुसार पत्नी सुलोचना देवी, भाई सुभाष चंद, व भाभी बुगलेश देवी के नाम से भी फाइल तैयार करवाई। इसके बाद गोविंद ने रोटावेटर व बिजाई मशीन पर अनुदान दिलवाने के नाम पर 20000 रुपये अपने खाते में डलवाए। गोविंद ने कहा कि वह उसका ट्रैक्टर पर सब्सिडी दिलाने के नाम पर फार्म भर देता है। इसके लिए दस हजार रुपये का खर्च आए। इसके बाद उसने उसके खाते में दस हजार रुपये जमा करवा दिए।
गोविंद ने कहा कि डिप्टी डायरेक्टर बाबूलाल से सब्सिडी की फाइल ओके करवानी होगी। इसके लिए 30 हजार रुपये देने होंगे। मनोज ने बताया कि उसने 30 हजार रुपये भी दे दिए। 12 मार्च को उसने ट्रैक्टर के रोटावेटर की डिलीवरी का मैसेज दिखाकर सात हजार रुपये अपने खाते में डलवाए। गोविंद कुमार ने कहा कि बजरंग जमालिया से ड्राफ्ट बनवाना है तो उसके 60000 रुपये लगेंगे। इसके बाद गोविंद कुमार को 60000 रुपये नकद दे दिए। मनोज कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक साल से गोबिंद उससे 164210 रुपये की धोखाधड़ी चुका है। धोखाधड़ी गोविंद कुमार, सौरभ कुमार व ड्राइवर सीधे तौर पर शामिल है।