सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए विभिन्न विभागों की प्रवेश परीक्षा 22 जुलाई को आयोजित की जाएगी। ये प्रवेश परीक्षा दो शिफ्टों सुबह व शाम को ली जाएगी।
शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुरेश कुमार गहलावत ने बताया कि एमबीए, एमकॉम, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी एनर्जी एंड एनवायरमेंट साइंस, एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमएससी जूलॉजी तथा एमएससी बॉटनी की प्रवेश परीक्षा होगी। इसी दिन मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफाॅर्मेशन साइंस तथा एलएलएम की प्रवेश परीक्षा भी होगी। वहीं 23 जुलाई को एमपीएड, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफाॅर्मेशन सांइस, एमए एजुकेशन, एमए हिंदी, एमए पंजाबी सहित एमएससी गणित, एमएससी रसायन विज्ञान तथा एमएससी भौतिकी विषयों की प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं एमएससी ज्योग्राफी की प्रवेश परीक्षा 24 जुलाई को होगी। एमए संस्कृत, एमए पत्रकारिता व जनसंचार तथा एमए अंग्रेजी की प्रवेश परीक्षा 25 जुलाई को होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा से 15 मिनट पहले सेंटर में पहुंचना जरूरी होगा।
इस प्रकार रहेगा सीडीएलयू में पीजी कोर्सों में दाखिले का शेड्यूल
परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की पहली काउंसिलिंग 27 जुलाई को होगी। इसमें सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थी 29 जुलाई शाम 5 बजे तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। दूसरी काउंसिलिंग 01 अगस्त को होगी और सफल विद्यार्थी 03 अगस्त शाम 5 बजे तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। वहीं 04 अगस्त को तीसरी काउंसिलिंग होगी और विद्यार्थी 07 अगस्त शाम 5 बजे तक फीस जमा करवा सकेंगे। 08 अगस्त शाम 5 बजे को सभी विभागों को अपने खाली सीटों का विवरण देना होगा और यह वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। 09 अगस्त को फिजिकल काउंसिलिंग होगी और इसमें भाग लेने वाले सफल विद्यार्थी 10 अगस्त शाम 5 बजे तक अपनी फीस जमा करवा सकेंगे। शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुरेश कुमार गहलावत ने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति होने की वजह से यदि कोई अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा से वंचित रह जाता है तो उसे निर्धारित मानकों का अनुपालन करते हुए अवसर प्रदान किया जाएगा।
शत प्रतिशत रहा एमकॉम, बीएससी मेडिकल का परिणाम
जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में एमकॉम अंतिम वर्ष, बीएससी मेडिकल प्रथम सेमेस्टर व बीकॉम ऑनर्स का परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। इस दौरान परिणाम शत प्रतिशत रहा। एमकॉम में छात्रा प्राची ने 81.70 फीसदी, बीएससी मेडिकल में वीरपाल ने 83.43 अंक व बीएससी मेडिकल की तृतीय वर्ष की छात्रा रवीना ने 78.71 फीसदी अंक प्राप्त किए। जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. कुलदीप सिंह ढींढसा ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उनके प्रयासों को सराहा है।