सीडीएलयू में बनाए स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी और डीएसपी राजेश कुमार चेची।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा सिरसा जिले की ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान होने के बाद अब ईवीएम मशीनों को सीडीएलयू स्थित लॉ भवन में थ्री लेयर की कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। दो नवंबर को मतगणना के दौरान इन मशीनों को खोला जाएगा और गिनती की जाएगी। वहीं स्ट्रांग रूम सील करने के बाद प्रशासन की ओर से पहली पंक्ति में पैरोमिलट्री फोर्स, दूसरी पंक्ति में एचएपी व तीसरी पंक्ति में हरियाणा पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
स्ट्रांग रूम में रखी मशीनों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो इसके लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वहीं विश्वविद्यालय के मुख्य द्वारों पर भी फोर्स तैनात की गई है। राइडर व पीसीआर को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान कर तैनात किया गया है। बीएसएफ की कंपनी को रिजर्व रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तैनात की जा सके।
मतगणना 2 नवंबर को सुबह 8 बजे शुरू होगी। राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को दो घंटे पहले मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल, बेल्ट, कॉपी-पेन व अन्य इलेक्ट्रोनिक सामान मुख्य द्वार पर ही जमा करवाया जाएगा। वहीं डीएसपी राजेश कुमार चेची ने बताया कि मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना करवाने को प्रशासन सतर्क है। प्रशासन द्वारा दिए गए आईकार्डों पर ही प्रत्याशियों और अन्य सदस्यों की एंट्री होगी।
34 हजार 892 मतदाताओं ने नहीं किया मतदान, 81.42 फीसदी हुआ
ऐलनाबाद विधानसभा उप चुनाव 2021 के लिए 30 अक्तूबर को मतदान प्रक्रिया का सफलतापूर्वक समापन हो गया। विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 81.42 रहा। उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 51 हजार 524 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें 81 हजार 734 पुरुष व 69 हजार 890 महिलाएं शामिल हैं। क्षेत्र में कुल 81.42 प्रतिशत मतदान हुआ।
यह भी पढ़ें ः किसानों में चर्चा, दिवाली से पहले उन्हें उठा सकती है सरकार: चढूनी बोले- ऐसी कोशिश की तो मोदी के दरवाजे पर मनाएंगे दिवाली
उन्होंने बताया कि मतगणना आगामी दो नवंबर को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के डॉ. आंबेडकर लॉ भवन में की जाएगी। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के सफलतापूर्वक समापन के लिए चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और प्रशासन के सहयोग के लिए जिलावासियों व मीडिया कर्मियों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने बताया कि ऐलनाबाद विधानसभा उप चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।