- चेयरमैन ने हाथ जोड़कर की थी अपील, नहीं सुधरे अतिक्रमणकारी, कार्रवाई की जगह टीम ने दिया दो दिन का वक्त
- व्यापारी बोले-20 सालों से यहां काम कर रहे, अब कहां जाए
फोटो - 28,29,30
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाना टीम के लिए परेशानी का सबब बन गया है। खासतौर पर नगर परिषद कार्यालय को जाने वाली मुख्य सड़क और दीवार के साथ सालों से काबिज फड़ वाले नहीं मान रहे हैं। चेयरमैन के हाथ जोड़कर अपील करने के बाद भी फड़ वालों ने सामान नहीं हटाया है।
इसी कड़ी में सोमवार को एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर लगे तीन से चार फीट की फड़ों को हटाने की कार्रवाई नहीं की। 20 दिन बाद भी 2 दिनों का वक्त फडवालों को दे दिया है। जमीनी हकीकत यह है कि शहर के अन्य बाजारों व मुख्य मार्गों पर नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही है। वहीं, उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सवाल किए जा रहे है कि नगर परिषद के पास अब तक गलियां अतिक्रमण से अटी हैं। उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है। चेयरमैन से लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
राजनीतिक दबाव बन रहा बाधा, दुकानदार भी मानने को तैयार नहीं
दोपहर डेढ़ बजे नगर परिषद की टीम अपने कार्यालय के साथ लगती सड़क से अतिक्रमण हटाने पहुंची। वहां पर व्यापारियों के विरोध का उनको सामना करना पड़ा। व्यापारी बोले कि वे सामान नहीं हटाएंगे। राजनीतिक लोगों से आपके अधिकारियों को फोन करवा चुके हैं। उसके बाद भी आप आकर तंग कर रहे हैं। इस पर टीम की अगुवाई कर रहे एसआई रवि शर्मा व क्षितिज कुमार ने कहा कि हमारे पास किसी अधिकारी का अतिक्रमण हटाने को फोन नहीं आया है। हमारा काम अतिक्रमण हटाना है। आप लोग दो दिन में हटा लें। इस पर व्यापारी बोले कि वे हटाकर कहां जाए। यह भी तो वह बताएं। टीम के सदस्यों ने कहा कि उनका काम अतिक्रमण हटाना है। सड़क पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। सरकारी जमीन पर आपने अतिक्रमण किया है।
दोनों तरफ किया हुआ था अतिक्रमण
जब टीम मौके पर पहुंची तो दुकानदारों ने भी अपनी ओर तीन से चार फीट के फड़ लगा रखे थे। हैरानी की बात है कि कपड़े की दुकान वाले चूड़ियों की फड़ लगवाए हुए हैं। सीधेतौर पर अवैध तौर पर फड़ लगाने का काम जारी है। इस दौरान व्यापारियों ने एक व्यापारी को कहा कि तुम शोर मत मचाओ, किस राजनीतिक व्यक्ति से फोन करवाया है। सब कुछ रिकॉर्ड हो रहा है, सोशल मीडिया पर वायरल होगा। यह सरकारी जमीन है। शाम को चेयरमैन से मुलाकात कर इसका समाधान करवाएंगे। उन्होंने कहा कि दुकानदार भी एक ओर फड़ लगाकर कब्जा किए हुए हैं, ये मान जाएं तो वाहन चालकों को दिक्कत नहीं होगी।
यह है मुख्य समस्या
- व्यापारी 20 सालों से फड़ लगाकर काम कर रहे हैं। बाजार में इनके लिए कोई उपयुक्त जगह नहीं है।
- स्ट्रीट वेंडिंग जोन का प्रोजेक्ट भी अधर में है। जोन की जगह फाइनल नहीं हुई है।
- छोटे मार्केट विकसित करने के प्रोजेक्ट पर प्रशासन को विचार करना होगा। जो बाजारों के आसपास विकसित हो।
कोटस
अतिक्रमण हटाने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। दो दिन का समय फड़ वालों का दिया है। यदि नहीं हटाएंगे तो टीम हटाएगी। सड़क खाली करवाई जाएगी।
-रवि शर्मा, इंचार्ज तहबाजारी टीम