सोने व चांदी के आभूषण किए बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। सीआईए स्टाफ कालांवाली ने गांव कालांवाली में हुई आभूषण व नकदी चोरी के मामले में दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डबवाली कपिल अहलावत ने बताया कि सीआईए कालांवाली टीम ने दो आरोपियों को काबू किया है। 19 फरवरी को शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार निवासी गांव कालांवाली ने थाना कालांवाली में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 17 फरवरी को वह अपने पिता को दवाई दिलाने के लिए परिवार सहित मोहाली अस्पताल में गया था। 18 फरवरी की रात जब वह अपने घर आया तो घर व अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में से सोने व चांदी के आभूषण व 20,000 रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए गांव कालांवाली के विक्की व चरणजीत उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से सोने व चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी विक्की पर लड़ाई-झगड़े, एनडीपीएस ,शस्त्र अधिनियम के रोड़ी व कालांवाली में प्राथमिकी दर्ज है। वहीं, चरणजीत सिंह उर्फ मंगा के खिलाफ एनडीपीएस व मारपीट के मामले हैं।