सिरसा। शहर में डोर टू डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियों के चालक व ठेकेदार के बीच हुए विवाद के चलते कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं रविवार को सिरसा पहुंची सांसद सुनीता दुग्गल से कर्मचारियों ने मुलाकात कर नौकरी से हटाए जाने की बात बताई। सांसद ने जल्द ही इस मामले को लेकर उपायुक्त अनीश यादव से बात करने का आश्वासन दिया है।
कर्मचारी राकेश कुमार, मुकेश कुमार व मनोज अठवाल ने बताया कि कर्मचारी पिछले तीने साल से नौकरी कर रहे हैं। ठेकेदार ने कर्मचारियों को एक झटके में ही हटा दिया। क्योंकि कर्मचारी डीसी रेट की मांग रहे हैं। वहीं ठेकेदार ने उनकी जगह दूसरे चालक भी रख लिए। कर्मचारियों ने कहा कि नगर परिषद के ईओ ने उन्हें सोमवार तक का आश्वासन दिया है। अगर दोपहर 12 बजे तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरन आंदोलन तेज करना पड़ेगा।