सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अनुभव आधार पर डीसी रेट लागू करवाने व कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर विश्वकर्मा पार्क में बैठक की। वहां से बिजली मंत्री के आवास का घेराव करने निकले कर्मचारियों को पुलिस ने बाल भवन के नजदीक रोक लिया लेकिन कर्मचारी नहीं माने और प्रदर्शन करते हुए बाबा भूमण चौक पर पहुंच गए। यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और कर्मचारियों ने चौक पर ही धरना दे दिया जिसके पश्चात कर्मचारियों की बिजली मंत्री से 14 अप्रैल को बैठक होने का आश्वासन मिलता तो कर्मचारी शांत हो गए।
प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदन लाल खोथ ने की जबकि मंच संचालन जिला सचिव राजेश भाकर, वरिष्ठ उप प्रधान करणी सिंह भाटी ने किया। कर्मचारी सुबह 10 बजे ही कर्मचारी बस स्टैंड स्थित विश्वकर्मा चौक पर इकट्ठा होना शुरू हो गए। करीब 1 बजे प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी बिजली मंत्री के आवास का घेराव करने निकले लेकिन पुलिस द्वारा पहले कर्मचारियों को बाल भवन के नजदीक ही रोक लिया गया। प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों को समझाते रहे लेकिन इसके बाद भी कर्मचारी नहीं माने और मंत्री आवास की तरफ चल पड़े। मामला बिगड़ता देख एसडीएम जयवीर यादव व डीएसपी आर्यन चौधरी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने बाबा भूमण शाह चौक पर पहुंच रोड पर धरना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे बाद बिजली मंत्री के निजी सचिव जगसीर कुमार कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों को मंत्री से 14 अप्रैल को बातचीत का आश्वासन देकर मामले को शांत किया।
वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर फिर से वादाखिलाफी की गई तो कर्मचारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर मुख्य वक्ता सर्व कर्मचारी संघ के राज्य कोषाध्यक्ष राजेंद्र बाटू, कृष्ण नैण, फतेहाबाद से जिला सचिव सुरजीत ने संयुक्त रूप से बताया कि सरकार व अधिकारी बार-बार वादाखिलाफी कर कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे हैं जिसे कर्मचारी अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।