सिरसा। ऐलनाबाद एसडीएम कार्यालय में 2 करोड़ 32 लाख का गबन करने के मामले में पुलिस ने जितेंद्र और कुलदीप की प्रोडक्शन वारंट खत्म होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने सुभाष सहित तीनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की है। हालांकि जितेंद्र और कुलदीप की ओर से दिए गए पहले के बयानों में कोई बदलाव नहीं आया है।
बता दें कि एसडीएम कार्यालय में वाहनों के पंजीकरण और चालकों के लाइसेंस बनाने को लेकर तीन क्लर्कों ने निजी व्यक्ति के साथ मिलकर 2 करोड़ 32 लाख का गबन कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों क्लर्कों को काबू कर जेल भेज दिया है और निजी एजेंट सुभाष को अब पुलिस ने रिमांड पर लिया है। पुलिस की ओर से पूछताछ किए जाने के बाद आरोपी ने सवालों के जवाब नहीं दिए। इसके पश्चात पुलिस ने क्लर्क जितेंद्र और कुलदीप को एक दिन के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लिया। एक दिन की प्रोडक्शन वारंट खत्म होने के बाद पुलिस ने दोनों को शुक्रवार को जेल भेज दिया है। वहीं, अब पुलिस सुभाष के अकाउंट से जुड़ी जानकारी खंगालने में जुटी है। सुभाष की ओर से जिन व्यक्तियों व जानकारों को राशि ट्रांसफर की गई है। पुलिस अब उनसे पूछताछ करेगी।