सिरसा। ऐलनाबाद उपचुनाव में रैलियों और जनसभाओं का दौर समाप्त हो गया। अब सभी दलों के प्रत्याशी और कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। मतदान 30 अक्तूबर को होगा। शांतिपूर्वक मतदान करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क है।
ऐलनाबाद चुनाव क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 34 कंपनियां बुलाई गई हैं। इसके अलावा दो एसपी, दो डीएसपी सहित दूसरे जिलों से 300 पुलिस के जवान बुलाए गए हैं। वीरवार को आईजी ने भी चुनाव क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था जांची।
हिसार रेंज पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य ने उपचुनाव क्षेत्र का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने पुलिस अधिकारियों की मीटिंग ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान एसपी डॉ. अर्पित जैन के साथ मंथन किया। आईजी ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्कता व चौकसी बरतें और संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने पुलिस महानिरीक्षक हिसार रेंज राकेश कुमार आर्य को ऐलनाबाद उपचुनाव के दौरान जिला पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ.अर्पित जैन के अलावा एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कादियान, डीएसपी आर्यन चौधरी, ऐलनाबाद डीएसपी जगत सिंह मोर, डीएसपी राजेश कुमार मौजूद रहे।
उपचुनाव को लेकर आईजी ने पुलिस को ये दिए निर्देश
- उपचुनाव को लेकर सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखें।
- संदिग्ध किस्म के लोगों पर कड़ी निगाह रखें।
- उन्होंने कहा कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस पूरी सतर्कता बरतें तथा पेट्रोलिंग पार्टियां गश्त के दौरान पूरी चौकसी बरतें।
-किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत उक्त स्थान पर पहुंचकर स्थिति को संभालें।
- चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाए।
- सीमा पर स्थापित किए गए साझे नाकों व अन्य संदिग्ध मार्गों पर भी नाकाबंदी कर आने जाने वाले व्यक्तियों व वाहनों को बारीकी से चेक करें।
- पुलिस अधिकारी व अर्धसैनिक बलों के अधिकारी व जवान ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान करें।
- चुनाव के दौरान आम आदमी से मधुरता से व्यवहार किया जाए और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
211 बूथ पर होगा मतदान, 121 संवेदनशील
जिला निर्वाचन अधिकारी अनीश यादव ने बताया कि ऐलनाबाद एरिया में 211 बूथ बनाए गए हैं, इनमें से 121 बूथ संवेदनशील व अति संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष व शांतिपूर्ण सुनिश्चित करने के लिए सभी 211 बूथ पर वेब कास्टिंग के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। इन बूथ पर लोकल पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री के जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि मतदान शांति पूर्ण तरीके से करवाया जा सके। इसके साथ साथ ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
पूरे क्षेत्र में 52 जगह लगाए नाके
महिला मतदाताओं की शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऐलनाबाद शहर में पिंक बूथ भी बनाया गया है। फाइनल ट्रेनिंग के बाद पोलिंग बूथ के लिए सभी को रवाना कर दिया जाएगा। हर 15 बूथ पर सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति की गई है, यदि कहीं भी कोई समस्या आती है तो तुरंत प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच कर समाधान करवाएगी। पूरे क्षेत्र में 52 नाके लगाए गए हैं। फ्लाइंग स्क्वायड की टीम की संख्या तीन से बढ़ा कर पांच कर दी गई है।
सीडीएलयू कैंपस में 2 नवंबर को होगी मतगणना
चौधरी देवीलाल विवि के आंबेडकर भवन स्थित विधि विभाग में दो नवंबर को मतगणना होगी। इसके लिए प्रशासन ने व्यवस्था कर ली है। यहां सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है। यहीं पर ही कर्मचारियों की ट्रेनिंग भी करवाई जा रही है। जिला प्रशासन ने स्ट्रॉग रूम पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए।
उपचुनाव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 34 कंपनियां बुलाई गई हैं। इसके अलावा अन्य अधिकारी भी तैनात हैं। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ नहीं होने दी जाएगी।
- डॉ. अर्पित जैन, एसपी, सिरसा