सिरसा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के हरियाणा में पहली बार 19 जनवरी को चुनाव होने जा रहे हैं। मतदान के माध्यम से ही सदस्य चुने जाएंगे। भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंद्र सिंह ने कहा कि जो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, वह इस बात का ध्यान जरूर रखें कि उन्हें गुरुद्वारों की सेवा संभाल के लिए चुना जाना है। इस चुनाव को राजनीति का अखाड़ा न बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि कालांवाली क्षेत्र के कई गांवों में जाकर सिख संगत से मुलाकात के बाद कई तरह की बातें सामने आई हैं। कालांवाली अनाज मंडी के कई गैर-सिख आढ़ती व कारोबारी एक व्यक्ति विशेष के पक्ष में सिख संगत को वोट डालने की अपील कर रहे हैं। हमारी उन भाइयों से अपील है कि हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी दूसरे धर्म के कार्यों में हस्तक्षेप नहीं करते हैं।
किसान नेता ने कहा कि कुछ आढ़ती सिख किसानों को एक व्यक्ति विशेष के पक्ष में मतदान करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। आढ़ती ऐसा न करें। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में सिख संगत द्वारा मतदान से अपने गुरु घरों की देखरेख व सेवा संभाल के लिए प्रत्याशी चुने जाएंगे। इसलिए अनावश्यक कोई बाहरी व्यक्ति इसमें हस्तक्षेप न करें। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 35 कालांवाली में फर्जी वोट बनने की शिकायतें भी मिल रही है। इसको लेकर उपायुक्त सिरसा को अवगत करवाया गया है।