सिरसा। गांव मौजूखेड़ा में एक मकान के ताले तोड़कर चोर गहने और 5 लाख चोरी कर ले गए। घटना के समय मकान मालिक सपरिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मकान में लगे सीसीटीवी कमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। डिंग थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
गांव मौजूखेड़ा निवासी मंदीप सिंह खेतीबाड़ी करता है। मंदीप अपने परिवार सहित गत दिवस रिश्तेदारी में गया हुआ था। 2 मई की रात को जब लौटा तो मकान का गेट टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व अटैची खुली पड़ी थी। मंदीप सिंह का कहना है कि अलमारी के लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था और इसमें रखे 2 तोले सोने के 2 हार, एक तोले सोने के कांटे, सोने की 5 अंगूठी, सोने की 4 चेन गायब मिली। इसके अलावा सूटकेस में रखे 5 लाख रुपये भी गायब मिले।
इसके बाद मंदीप सिंह ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मंदीप का कहना है कि मकान में उसने सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे, लेकिन चोर वारदात को अंजाम देने के बाद डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।