संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में मतदान के दौरान विधायक गोकुल सेतिया ने रानियां रोड पर बिना नंबर की एक काले रंग की कार को रुकवाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने कार का चालान काट दिया।
विधायक गोकुल सेतिया ने बताया कि वह रानियां रोड से जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें बिना नंबर प्लेट की गाड़ी खड़ी दिखाई दी। गाड़ी के शीशों काली फिल्म लगी हुई थी और इसके अंदर चार-पांच लोग बैठेे थे। विधायक ने बताया कि उन्हें गैंगस्टरों से धमकी मिल चुकी है। इसलिए उन्होंने उक्त गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की तो सवार लोग गाड़ी लेकर भगाने लगे। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को रुकवा, पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने यहां पहुंचकर गाड़ी की तलाशी ली। पूछताछ करने पर गाड़ी में सवार युवकों ने बताया कि वे गोपाल जी के साथ आए थे।
दूसरी ओर गाड़ी में सवार एक युवक ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि एक्सीडेंट में गाड़ी की पिछली नंबर प्लेट टूट गई थी। विधायक गोकुल सेतिया को लाइमलाइट में आने की आदत है, ये काम तो कुछ कर नहीं रहे। युवक ने बताया कि हम श्री तारा बाबा कुटिया में मत्था टेकने आए थे और अब अपने घर जमाल जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि गाड़ी में नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। इसलिए गाड़ी का चालान काटा गया है।
-
पूर्व विधायक गोपाल कांडा बोले - विधायक का दिमाग हिल चुका है
इस घटना के बाद पूर्व विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि गोकुल सेतिया का दिमाग हिल चुका है। पहले लोगों की रेहडिय़ां हटवा दीं, अब लोगों की गाड़ियां रोकना शुरू कर दिया। यही काम रह गए हैं इन लोगों के। काई और काम इन लोगों के पास है नहीं। कांडा ने कहा कि किसी की गाड़ी बिना नंबर प्लेट के है, तो इसमें मैं क्या कर सकता हूं।