गांव रोड़ी में आठ दिन पूर्व गायब व्यक्ति सोमवार सुबह गांव के एक कुएं में पड़ा मिला। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रोड़ी गांव से चिड़िया सिंह नामक व्यक्ति ने रोड़ी थाना में अपने भाई गोरा सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह 21 अगस्त रात्रि से गायब है, तब से पुलिस व परिजनों द्वारा गोरा सिंह की तलाश की जा रही थी जो सोमवार सुबह गांव के 15 फुट गहरे सूखे कुएं में पाया गया।
गोरा सिंह ने परिजनों को बताया कि वह 21 अगस्त को घर से बाहर निकला था। वह मत्तड़ रोड पर पैदल ही जा रहा था कि पैर फिसलने से सड़क किनारे बने सूखे कुएं में जा गिरा, लेकिन उससे कुएं से बाहर नहीं निकला गया। वह बस, कार और अन्य साधनों की आवाज सुनकर मदद के लिए चिल्लाता था पर किसी ने उस तरफ ध्यान नहीं दिया।
सोमवार को गांव से राहुल नामक युवक सुबह अंधेरे में ही सैर के लिए मत्तड़ रोड पर निकला। वह वहां स्थित पुराने कुएं के नजदीक व्यायाम करने लगा। अंधेरे में वह कुएं से किसी की आवाज सुन डर गया और गांव में आकर कुएं से आ रही आवाज के बारे में बताया। गांव से ही बीर सिंह, सुरजीत सिंह, गुरमीत सिंह व बंता सिंह मौके पर पहुंचे और देखा कि कुएं में गोरा सिंह गिरा हुआ है, जिसे तुरंत बाहर निकाल कर घर लाया गया।