गल्ले से रुपये निकालने का आरोपी पीली रंग की जैकेट में।
सिरसा। बरनाला रोड पर मंगलवार रात 9 बजे के करीब डायपर व दवा लेने के बहाने आया युवक गल्ले से पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। युवक ने रुपये चोरी की वारदात को मात्र 20 सेकेंड में ही अंजाम दे दिया। गल्ले से रुपये गायब देख मेडिकल संचालक ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। वहीं पुलिस ने चंद घंटों में ही रुपये चोरी की वारदात करने वाले दोनों युवकों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी है और उसी की पूर्ति के लिए दोनों ने रेकी कर दुकानदार को अपना निशाना बनाया था। पुलिस को दी शिकायत में भगत सिंह कॉलोनी निवासी आशीष गर्ग पुत्र मंगतराम गर्ग ने बताया कि बरनाला रोड पर उसकी मंगत मेडिकॉज के नाम से दुकान है। पिता ने मंगलवार को अपनी कार एक लाख रुपये में बची थी और 4 लाख रुपये दुकान में रखे हुए थे। सभी को एक बैग में डालकर दुकान के गल्ले में रखा हुआ था।
रात करीबन साढ़े नौ बजे एक युवक दुकान पर आया और उसने बच्चे के लिए डायपर मांगा। जब वह बच्चे के लिए डायपर निकालने के लिए दुकान के अंदरूनी हिस्से में गया तो पीछे से युवक गल्ले से बैग निकाल फरार हो गया। दुकान के बाहर पहले से एक युवक बाइक पर सवार था और दोनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
आशीष ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी लगे होने के कारण वारदात उसमें कैद हो गया। जिसके बाद रुपये चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। चोरी की सूचना मिलने पर डीएसपी जगत सिंह मोर स्वयं मौके पर पहुंचे और टीम को जांच पर लगा दिया। पुलिस टीम ने चंद घंटों में ही दोनों आरोपियों को बाइक सहित काबू कर लिया।
दोनों आरोपी नशे के आदी
पुलिस ने रात को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक युवक सेक्टर और एक प्रेम नगर का रहने वाला है। एक युवक का नाम अभिषेक पुत्र विक्रम गोदारा सेक्टर और दूसरे युवक का नाम नीलेश उर्फ लक्की पुत्र गुरदयाल सिंह, प्रेम नगर का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे चिट्टा लेने के आदी हैं। दोनों ने वारदात करने से पहले दुकानदार की रेकी की थी और फिर चोरी को वारदात को अंजाम दिया था।
दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और पैसे की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी।