डॉ. गुरदास सोनी और डॉ. सिकंदर सिंह।
डबवाली। सिरसा जिले के स्काउट परिवार में खुशी की लहर है, क्योंकि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मसीतां के डॉ. गुरदास सिंह सोनी और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल देसूमलकाना के डॉ. सिकंदर सिंह का चयन 33वीं एशिया-पैसिफिक रीजनल स्काउट जंबूरी, फिलीपींस की अंतरराष्ट्रीय सर्विस टीम में किया गया है।
चयन प्रक्रिया भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रेसिडेंट अनिल कुमार जैन, नेशनल चीफ कमिश्नर (रिटायर्ड) केके खंडेलवाल, इंटरनेशनल कमिश्नर मधुसूदन अवाला और हरियाणा बीएसजी स्टेट सेक्रेटरी आईएएस मनीराम शर्मा के मार्गदर्शन में पूरी की गई।हरियाणा से चयनित प्रतिनिधियों को स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमिश्नर एलएस वर्मा, जिला सचिव सुखदेव सिंह ढिल्लों, डीओसी (स्काउट) डॉ. इंदर सैन और डीओसी (गाइड) उषा गुप्ता ने बधाई दी और इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के स्काउट्स-गाइड्स की सक्रियता और उत्कृष्टता का प्रमाण है।
सिरसा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों डीईओ सुनीता साई और डीईईओ डॉ. विजय लक्ष्मी द्वारा निरंतर मार्गदर्शन ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। डॉ. इंदर सैन ने कहा कि इस चयन से न केवल सिरसा जिले का परचम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फहरा, बल्कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की वैश्विक प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है।