सिरसा। डेरा सच्चा सौदा की अमर सेवा मुहिम के तहत वीरवार को सिरसा में दो डेरा अनुयायियों की मृत देह उनके स्वजनों की ओर से अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों को शोध कार्यों के लिए दान दी। पहला देहदान सिरसा ब्लॉक के जोन नंबर 7 निवासी सतपाल फुटेला इन्सां और दूसरा देहदान ब्लॉक कल्याण नगर के परमार्थ कॉलोनी निवासी गुलजारी लाल इन्सां का हुआ।
डेरा सच्चा सौदा के लांगरी सुभाष इन्सां के भाई सतपाल फुटेला इन्सां का 9 जुलाई को देहांत हो गया था। उनके मरणोपरांत स्वजनों ने उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए ब्लॉक सिरसा के सहयोग से 10 जुलाई को उनका देहदान किया। उनका मृत शरीर मेडिकल शोध के लिए रामा मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, हापुड़ को दान किया गया।
उनकी बेटी नूर इन्सां, बहन तारा देवी, अलका और बेटे जश्नदीप इन्सां ने अर्थी को कंधा देकर समाज को एक सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी परमप्रीत इन्सां, भाई सुभाष लांगरी इन्सां आदि उपस्थित रहे।
ब्लॉक कल्याण नगर की परमार्थ कॉलोनी, गली नंबर 2 निवासी डेरा सच्चा सौदा के सेवादार सुरेश इन्सां के पिता गुलजारी लाल इन्सां का बुधवार को निधन हो गया। उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए परिजनों ने अमर सेवा मुहिम के तहत उनके मृत शरीर को मेडिकल शोध के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, हंदवाड़ा, जम्मू एंड कश्मीर (जिला कुपवाड़ा) को दान किया।
उनकी बेटी हीना इन्सां, पुत्रवधू दर्शना देवी इन्सां, पौत्रवधू रजनी इन्सां, पौत्री प्रियंका इन्सां, पुत्र सुरेश इन्सां और पौत्र प्रिंस इन्सां ने अर्थी को कंधा दिया। इस अवसर पर 85 मैंबर सेवादार बहन-भाई, ब्लॉक कल्याण के प्रेमी सेवक नीरज इन्सां, किशोरी लाल इन्सां, साजन इन्सां, अंग्रेज इन्सां, ब्लॉक माधोसिघाना व अन्य ब्लॉकों की साध-संगत और रिश्तेदार शामिल हुए। शहर के वार्ड नंबर 4 के पार्षद सनप्रीत सिंह ने उनके इस कदम की सराहना की।