सिरसा। सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि सभी बीपीएल और एएवाई कैटेगरी के राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी करवाना आवश्यक है। राहुल कुमार ने कहा कि सरकार के आदेश है कि लाभार्थी राशन कार्ड धारक ई-केवाईसी अवश्य करवाएं, अन्यथा उनको डिपो से राशन मिलना बंद हो सकता है।
ई-केवाईसी करवाने की सुविधा सभी राशन डिपो पर उपलब्ध है। बीपीएल/ एएवाई राशन कार्ड धारक बार-बार सूचना देने पर भी ई-केवाईसी नहीं करवा रहे हैं। जबकि सरकार ने सभी लाभार्थी राशन कार्ड धारकों के लिए यह अनिवार्य किया हुआ है। इस बारे में डिपो धारकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने वार्ड और गांव में गुरुघरों और मंदिरों से अनाउंसमेंट करवा कर राशन कार्ड धारकों को जागरूक करे और ई-केवाईसी के लिए विशेष तौर पर शिविर लगाएं।
राहुल कुमार ने बताया कि बीपीएल/ एएवाई राशन कार्ड में दर्ज पांच वर्ष से अधिक आयु के सभी सदस्य अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड लेकर डिपो पर जाए। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी के लिए एक मोबाइल एप भी शुरू किया गया है। इसका नाम फेस ई-केवाईसी एप है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करके बिना डिपो पर जाए, घर पर ई-केवाईसी कर सकते हैं।