मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को प्रदेश सरकार के सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हिसार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जिला सिरसा की 54 करोड़ रुपये की लागत की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व आठ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिसार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम मंगलवार सुबह 11 बजे ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में सांसद सुनीता दुग्गल बतौर मुख्यातिथि रहेंगी।
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 15 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न पांच विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। 30 करोड़ की लागत से गांव मौजू की ढाणी, 35 करोड़ रुपये की लागत से गांव दड़बां, 42 करोड़ रुपये से गांव चक्कां में बने 33 केवी सब स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा 36 करोड़ रुपये की लागत से गांव बन सुधार में बने पीएचसी तथा 10 करोड़ रुपये की लागत से रानियां में बीएसएनएल एक्सचेंज के पास बने कम्यूनिटी सेंटर व दुकानों का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा इसी कार्यक्रम में 3876.59 लाख रुपये की लागत की विभिन्न आठ विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।