15 मरीजों का सरकारी और निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को कर रही जागरूक
फोटो 25,26
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में एक माह से डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जिले में डेंगू के तीन केस सामने आए हैं।
डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा 147 तक पहुंच गया है। इनमें से 133 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं। 15 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें 4 मरीज नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 11 मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करवा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूक कर रही हैं। नगर परिषद शहर में फॉगिंग दो बार करवा चुकी है। इसके बाद भी डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
चिकित्सकों के अनुसार इस वर्ष यह आंकड़ा पिछले पांच सालों में सबसे कम है। मरीजों की संख्या कम करने के लिए विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत के माध्यम से फॉगिंग और दवा का छिड़काव कर मच्छरों पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है। जिन गांवों या फिर शहरी क्षेत्र से मरीज मिल रहे हैं, उनके घरों के आसपास और मोहल्ले में दवा का छिड़काव और फॉगिंग भी की जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की 55 टीमें ग्राउंड पर काम कर रही है। ये टीमें लोगों को जागरुक करने के साथ घरों में जाकर जांच भी कर रही है। पॉजिटिव पाए जाने वाले का इलाज भी करवा रही है। इसके साथ ही उनके घरों व गलियों में दवा छिड़काव के साथ फॉगिंग भी करवा रही है।
कोट्स
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में मरीज मिल रहे हैं, वहां पर विभाग नियमित रूप से दवा का छिड़काव और फॉगिंग करवा रहा है। - डाॅ. गौरव अरोड़ा, जिला मलेरिया रोग रोकथाम अधिकारी, नागरिक अस्पताल, सिरसा।