-पंजाब से बहला-फुसलाकर युवती को लाने का है आरोप
-लोग बोले, ऐसा घिनौना कृत्य करने वालों पर हो कार्रवाई
फोटो 9, 10
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव पन्नीवाला मोटा में एक 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर पंजाब से सिरसा लाकर आगे बेचने की कोशिश करने का कथित मामला सामने आया है। रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने युवती को गली में बदहवास स्थिति में भागते देखा तो उन्होंने उसे संभालते हुए ग्राम सरपंच को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
इस मामले में सरपंच प्रतिनिधि व गांव के काफी लोग थाने में पहुंच गए और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात की। सभी लोग कई घंटे थाने में रुके रहे लेकिन ओढ़ां पुलिस कार्रवाई करने के बजाय पंचायत व अन्य सदस्यों से ही उल्टा सवाल-जवाब करती रही। पंचायत का विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करने की बात कही।
गांव पन्नीवाला निवासी रायसिंह व दुल्ला राम ने बताया कि रविवार सुबह 5 बजे एक युवती गली में बदहवास स्थिति में भागी जा रही थी। जब उन्होंने युवती से पूछा तो उसने कहा कि मुझे बचाओ। ये लोग मुझे बेच देंगे। उसी समय पीछे से दो महिलाएं भी वहां आ गईं और युवती को उनके हवाले करने की बात कही।
दोनों लोगों के मुताबिक, उक्त महिलाओं ने उन्हें अपने कानों की बालियां देने का लालच देते हुए युवती को उनके हवाले करने की बात कही। सूचना के बाद सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप बेनीवाल सहित काफी लोग मौके पहुंच गए। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 भी मौके पर पहुंची और युवती को साथ ले गई। इसके बाद गांव से नाथ समुदाय के लोग व काफी अन्य लोग थाने में पहुंच गए।
युवती ने बताया कि वह होशियारपुर जिले की है। अमृतसर में मत्था टेकने आई हुई थी। दो दिन पहले तीन महिलाएं व एक व्यक्ति उसे मिले और कहा कि वह उनके साथ चले। वे उसे अपनी बेटी बनाकर रखेंगे। यहां पर आने के बाद पता चला कि वे उसका किसी के साथ सौदा करने वाले हैं।
रविवार सुबह उक्त लोगों को सोया देखकर मौका पाकर वह घर से भाग निकली। युवती का आरोप था कि रविवार को कुछ लोग उसको देखने के लिए आने वाले थे। इस घटना के बाद गांव से काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात करने की मांग की। वहीं, नाथ समुदाय से कई लोग वहां पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि जो लोग युवती को लेकर आए थे, वे उनके समाज को बदनाम करने पर तुले हुए हैं। इससे पहले भी उनके पास इस तरह की कई बार शिकायतें आ चुकी हैं। उनके समाज ने इन लोगों का बायकाट भी किया था।
इस संबंध में कार्यवाहक थाना प्रभारी ओढ़ां पवन कुमार ने कहा कि युवती की ओर से शिकायत आई है। उस पर कार्रवाई की जा रही है। मैंने किसी के साथ कोई अनुचित व्यवहार नहीं किया।
थाने में चली बहस, सरपंच प्रतिनिधि बोले पुलिस का व्यवहार निंदनीय
युवती के पीछे पीछे ही सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप बेनीवाल व गांव के कई लोग थाने में पहुंच गए और कार्रवाई की मांग उठाई। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पन्नीवाला मोटा के नाथ समुदाय की तीन महिलाएं व एक व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर यहां ले आए हैं। उसे आगे किसी के हाथ जबरन बेचना था। भनक लगते ही व मौका पाकर वहां से भाग निकली। इस कार्रवाई के दौरान कार्यवाहक थाना प्रभारी पवन कुमार व सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप बेनीवाल के बीच काफी बहस भी हुई। प्रदीप ने पवन कुमार पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस का रवैया निंदनीय था। ऐसे पुलिसकर्मी ही पुलिस की छवि को धूमिल करते हैं। बात बढ़ते देखकर कार्यवाहक थाना प्रभारी ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने लगाए एक समुदाय विशेष पर गंभीर आरोप
मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक समुदाय विशेष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समुदाय विशेष के लोगों ने गांव का माहौल खराब कर रखा है। इससे पहले भी इस प्रकार के कई विवाद हो चुके हैं। आज भी युवती को छोड़ने के बदले महिलाएं गांव के दो व्यक्तियों को सोने की बालियां तक देने की कोशिश करती रही लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। पंचायत को समुदाय विशेष को लेकर ठोस कदम उठाना चाहिए ताकि गांव का माहौल खराब न हो।