उपमंडल के गांव मौजगढ़ के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम सीएम विंडो पर एक अद्योहस्ताक्षरी शिकायत भेजकर गांव के बीचों-बीच चल रहे शराब के ठेके को गांव से बाहर शिफ्ट करवाए जाने की मांग की है। गांव वासी हरि सिंह, देवी लाल नंबरदार, सुखजिंद्र सिंह सरपंच, ओम प्रकाश पूर्व सरपंच, गुरजंट सिंह चौकीदार, सुरेंद्र कुमार मिस्त्री, गोरा सिंह, आशा रानी आशा वर्कर, कमला रानी पंच, बेअंत कौर पंच, जरनैल सिंह पंच, गुरजीत कुमार पंच, नवदीप सिंह पंच ने बताया कि उक्त शराब का ठेका हरिजन चौपाल में स्थित महर्षि वाल्मीकि एवं माता के मंदिर के समीप स्थित गांव के बीच में है।
उक्त सभी का कहना है कि सुबह-शाम शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता है। जिसके चलते आस-पास रहने वाले लोगों के साथ-साथ गांववासियों को आने-जाने में भी काफी परेशानी होती है, क्योंकि रास्ते के बीच वाहन खड़े रहने से रास्ता बंद जैसा हो जाता है। उक्त सभी ग्रामीणों ने उक्त शराब के ठेके को गांव से बाहर शिफ्ट किए जाने की मांग की है ताकि गांव का माहौल ठीक रहे और उनके बच्चे बुरी संगत से भी दूर रहे।