सिरसा। जिले में शुक्रवार को कोरोना के कारण दो मरीजों की मौत हो गई, जबकि एक मरीज संक्रमित मिला है। इनमें एक 73 वर्षीय खैरपुर निवासी महिला किडनी व शुगर रोग से पीड़ित थी। जिसका इलाज लुधियाना के निजी अस्पताल में चल रहा था। वहीं दूसरा व्यक्ति 77 वर्षीय भंगी ढाणी धोतड़ निवासी बुजुर्ग भी लंबे समय से बीमार था।
जिले में अब कोरोना से मौत के आंकड़ों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को जिले में तीन मरीज कोरोना संक्रमित मिले थे। जिनमें से दो की मौत हो गई जबकि एक मरीज रानियां में कोरोना संक्रमित पाया गया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 178 संदिग्धों के सैंपल लिए गए। इनमें से तीन मरीज संक्रमित पाए गए हैं। वहीं शुक्रवार को पांच मरीजों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब 10 मरीज सक्रिय हैं।
इनमें से एक मरीज नागरिक अस्पताल में भर्ती है जबकि नौ को होम आइसोलेट किया गया है। बता दें कि दो सप्ताह पहले भी एक साथ दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई थी। विभाग की ओर से अब तक कुल सात लाख 42 हजार 262 संदिग्धों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 34 हजार 521 कोरोना संक्रमित मिले। जिले में अब तक कुल 33 हजार 960 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। जबकि अभी तक 551 की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।