खंड के गांव कुम्हारिया में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वीरवार को हरा चारा लेने खेत में गई महिला का शव शुक्रवार को ट्यूबवेल के कुएं में मिला। पुलिस को घटनास्थल पर खून के धब्बे मिले। महिला के सिर पर चोट लगी है। ऐसे में पुलिस को प्राथमिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मैना देवी पत्नी जगदीश वीरवार शाम को हरा चारा लेने के लिए पास में लगते ही खेत में गई और वापस नहीं लौटी तो घरवालों ने इधर उधर पूछताछ की। परिजन वीरवार शाम से महिला की तलाश कर रहे थे। परिजनों ने शुक्रवार सुबह नाथूसरी चोपटा थाना में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई। दोपहर को खोजबीन करने पर महिला की लाश कुएं में मिली। सूचना मिलने पर चोपटा थाना प्रभारी सत्यवान दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। मामला संदिग्ध देखते हुए डीएसपी जगत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। नाथूसरी चोपटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं डीएसपी जगत सिंह ने कहा कि प्राथमिक दृष्टि में मामला हत्या का लगता है।