टोहाना। बलियावाला हेड के नजदीक स्थित राजस्थान वाली नहर के साइफन से अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने नवजोत ढिल्लों की टीम के साथ मिलकर शव को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
नवजोत ढिल्लों ने बताया कि नहर में शव के फंसे की होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य सुमित, रमन, विक्रम विक्रम, कुलविंदर, सोनू, बलजीत नहर में उतरे। उन्होंने बताया कि साइफन में पानी के अत्यधिक घुमाव और तेज बहाव के चलते वह शव निकाल नहीं पा रहे थे, तभी वहां मौजूद नहर विभाग के कर्मचारी से बात करके पानी को कम करवाया गया तो शव आगे बह गया। नवजोत ढिल्लों की टीम ने प्रधान राजेंद्र बल्ली और पुलिस ने नहर में बलजीत की मदद से रस्सी डालकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाल में फंसे शव को हिसार रोड पुल के पास बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि स्थिति देखकर शव करीब दस दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र 30-35 वर्ष है, उसने हाथ में कड़ा और उंगली में रिंग पहनी हुई है। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि शव को निकलवाकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में सूचना दे दी है।