सिरसा। सरकार की प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत गरीब व जरूरतमंद लोग सरकारी प्लॉट के लिए आवेदन कर रहे हैं। मंगलवार को भी नगर परिषद में आवेदन करने वाले लोगों का तांता लगा रहा। ऐसे में स्थिति को देखते हुए सरकार ने आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 फरवरी कर दी है।
इंटरनेट बंद होने के कारण शहर की कई सीएचसी पर काम ठप है। ऐसे में लोग ऑनलाइन आवेदन या पैसा जमा नहीं करवा पाए। इंटरनेट बंद होने के कारण सरकार ने आवेदन की तिथि को बढ़ाया है। विभाग की ओर से पहले चरण में 963 लोगों को प्लाॅट दिए जाने हैं। अधिकारियों के अनुसार अभी तक करीबन 5500 आवेदन आ चुके हैं। योजना के तहत प्लाॅट देने को लेकर जगह का चयन नगर परिषद प्रशासन ने कर लिया है। सेक्टर 20 पार्ट-3 के साथ लगती भूमि पर यह प्लाॅट आवंटित किए जाएंगे। यह रकबा हाईवे के साथ लगता है। भविष्य में शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए इस एरिया का चयन प्रशासन ने किया है।
यह है नियम
- आवेदनकर्ता के पास खुद की जमीन और मकान नहीं होना चाहिए।
- सालाना आय 1.80 लाख रुपये वार्षिक से कम है।
- मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना पोर्टल पर पंजीकरण करवाना जरूरी।
- 10 हजार रुपये की राशि भी जमा करवानी होगी।
- प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, घुमंतू जाति और विधवा आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार ने ऑन लाइन आवेदन की तिथि बढ़ाकर 22 फरवरी कर दी है। ऐसे में आमजन 22 फरवरी तक आवेदन कर सकता है। -
दिव्या, इंचार्ज, पीएमएवाई